उद्धव ठाकरे पूरी तरह नास्तिक हो गए हैं

विधायक रवि राणा ने साधा निशाना

* अंधारे की हनुमान गढ़ी संबंधी टिप्पणी पर पलटवार
अमरावती/दि.7- अमरावती के जिला स्त्री अस्पताल में हुई बच्चों की दुर्घटना के बाद शहर में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. शिवसेना ठाकरे गुट की उपनेता सुषमा अंधारे द्वारा अमरावती स्थित हनुमान गढ़ी को लेकर की गई टिप्पणी पर बडनेरा के विधायक रवि राणा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है.
पत्रकारों से बातचीत में विधायक रवि राणा ने कहा कि सुषमा अंधारे नास्तिक हैं और वे पहले भी दिवंगत बालासाहेब ठाकरे तथा हिंदू देवी-देवताओं को लेकर टिप्पणी कर चुकी हैं. विधायक राणा ने आरोप लगाया कि जिला स्त्री अस्पताल की घटना के बाद अमरावती पहुंचीं अंधारे ने हनुमान गढ़ी के विकास को लेकर भी द्वेषपूर्ण शब्दों का इस्तेमाल किया. इसी मुद्दे को लेकर उन्होंने शिवसेना ठाकरे गुट के प्रमुख उद्धव ठाकरे पर भी निशाना साधा. विधायक राणा ने कहा, मुझे ऐसा लगता है कि उद्धव ठाकरे पूरी तरह नास्तिक हो गए हैं. विधायक राणा ने कहा कि हनुमान गढ़ी स्थानीय लोगों की आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है और इसके विकास को लेकर की गई टिप्पणी उचित नहीं है. जिला स्त्री अस्पताल की दुर्घटना के बाद शुरू हुई राजनीतिक बहस अब धार्मिक आस्था से जुड़े मुद्दे तक पहुंच गई है.
विधायक रवि राणा के इस बयान से अमरावती में ठाकरे गुट और राणा के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप और तेज होने के संकेत हैं.

Back to top button