छात्राओं को आत्मरक्षा के लिए दिया जा रहा कराटे प्रशिक्षण
अमरावती पुलिस की अनोखी पहल

अमरावती/दि.5– छात्राओं को आत्मनिर्भर और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से अमरावती पुलिस द्वारा पुलिस मुख्यालय में तीन दिवसीय विशेष कराटे प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है. यह शिविर पुलिस आयुक्त राकेश ओला के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है.
शिविर के पहले दिन मणीबाई गुजराती विद्यालय की करीब 200 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आत्मरक्षा के विभिन्न गुर सीखे. वहीं दूसरे दिन कस्तूरबा विद्यालय की 360 छात्राओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया. प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को कराटे की बुनियादी तकनीकों के साथ-साथ आपातकालीन परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा करने के व्यावहारिक तरीके भी सिखाए गए. पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को आत्मविश्वास, सतर्कता और सुरक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए दैनिक जीवन में आत्मरक्षा के उपायों की जानकारी दी. प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं ने भी पूरे उत्साह के साथ अभ्यास किया. अमरावती पुलिस की इस पहल को छात्राओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. प्रशिक्षण में शामिल छात्राओं ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के साथ कठिन परिस्थितियों का सामना करने का आत्मविश्वास भी प्रदान करते हैं.





