किशोर रीठे को मिला महाराष्ट्र साहित्य परिषद का प्रतिष्ठित पुरस्कार

नागपुर/दि.30- वरिष्ठ प्रकृति एवं वन्यजीव अध्ययनकर्ता किशोर रीठे को महाराष्ट्र साहित्य परिषद की ओर से पुणे में आयोजित समारोह में शरद चंद्र मनोहर भालेराव स्मृति पुरस्कार से सम्मानित किया गया. पुणे के बालगंधर्व रंगमंदिर में आयोजित पुरस्कार समारोह में अभिनेता ऋषिकेश जोशी के हाथों उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया.
साल 2025 में विभिन्न साहित्यिक विधाओं में उत्कृष्ट साहित्य सृजन करने वाले लेखकों को सम्मानित किया गया. किशोर रीठे की पुस्तक ‘सातपुड्योचा सातबारा’ को वर्ष 2025 के लक्षवेधी साहित्य ग्रंथ पुरस्कार से भी नवाजा गया है. किशोर रीठे वर्तमान में वन्यजीव और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में अग्रणी कार्य कर रहे हैं. वे बॉम्बे नैचरल हिस्ट्री सोसायटी से भी जुड़े हुए हैं. उन्होंने पिछले 35 वर्षों से सतपुड़ा पर्वत क्षेत्र में जंगल और वन्यजीव संरक्षण के लिए उल्लेखनीय कार्य किया है.
उनके लंबे अनुभव और शोध पर आधारित 647 पृष्ठों की पुस्तक ‘सातपुड्योचा सातबारा’ को वर्ष 2025 में पद्मगंधा प्रकाशन द्वारा प्रकाशित किया गया. पुरस्कार मिलने पर अपनी प्रतिक्रिया में किशोर रीठे ने कहा कि यह सम्मान वास्तव में सतपुड़ा पर्वतमाला और वहां की जैव विविधता को समर्पित है. उन्होंने बताया कि पुस्तक में सतपुड़ा क्षेत्र के विभिन्न पहलुओं को विस्तार से प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है. किशोर रीठे इससे पहले मराठी में ‘रानावनाचे मूड्स’ और ‘हिरवा संघर्ष’ जैसी पुस्तकें लिख चुके हैं. वहीं अंग्रेजी में उनकी ‘सातपुडा’ तथा ‘डस्क टू डॉन : अ स्टोरी ऑफ विलेज रिसेटलमेंट इन मेलघाट’ पुस्तकें भी काफी चर्चित रही हैं.





