नवजात शिशुओं की सेहत जानी, डॉक्टर्स से किया संवाद

पालकों को पालकमंत्री बावनकुले ने दिए 5-5 लाख के धनादेश

* हादसाग्रस्त एनआईसीयू का किया निरीक्षण
अमरावती/दि.1– जिला महिला अस्पताल में 24 अगस्त को हुए दर्दनाक हादसे में प्रभावित नवजात शिशुओं का हाल जानने के लिए राज्य के राजस्व मंत्री एवं अमरावती के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने सोमवार को विभिन्न अस्पतालों का दौरा किया. उन्होंने पंजाबराव देशमुख मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीडीएमसी) तथा मुरके अस्पताल पहुंचकर उपचाराधीन बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली. इसके बाद उन्होंने जिला महिला अस्पताल के हादसाग्रस्त नवजात अतिदक्षता विभाग का भी निरीक्षण किया. पालकमंत्री ने चिकित्सकों से संवाद किया. कलेक्टर से भी बात की.
पालकमंत्री बावनकुले ने चिकित्साधिकारियों से विस्तृत चर्चा कर बच्चों के उपचार की जानकारी ली और आवश्यक मार्गदर्शन किया. इस दौरान उन्होंने उपचाराधीन बच्चों के माता-पिता से भी मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपके साथ मजबूती से खड़ी है. उन्होंने परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया. इसके बाद पालकमंत्री ने जिला महिला अस्पताल के दुर्घटनाग्रस्त कक्ष का निरीक्षण किया. उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों और वरिष्ठ चिकित्सकों से हादसे की पूरी जानकारी ली. हादसे के दौरान अपनी जान की परवाह किए बिना एनआईसीयू से नवजात शिशुओं को सुरक्षित बाहर निकालने वाले नर्सिंग कर्मचारियों से भी उन्होंने चर्चा की और घटनाक्रम की जानकारी हासिल की. अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से पालकमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए. निरीक्षण दौरे के दौरान सांसद डॉ. अनिल बोंडे, विधायक प्रवीण पोटे पाटिल, जिलाधिकारी आशीष येरेकर, मनपा आयुक्त मंगेश गोंदावले, पुलिस आयुक्त राकेश ओला तथा जिला शल्य चिकित्सक डॉ. विनोद पवार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे. उसी प्रकार बीजेपी के पदाधिकारी उपस्थित थे.

Back to top button