शादी और गर्मी के सीजन में ‘लालपरी’ हाउसफुल
बस यात्राओं में जबरदस्त बढ़ोतरी

अमरावती/दि.25– शादी के सीजन और गर्मियों की छुट्टियों के चलते यात्रियों की संख्या में भारी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. इसका असर एमएसआरटीसी की बस सेवाओं पर साफ नजर आ रहा है, जहां ‘लालपरी’ बसें लगभग हाउसफुल चल रही हैं. यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए परिवहन विभाग ने अतिरिक्त बस सेवाएं शुरू की हैं, जिससे यात्रियों को राहत मिल रही है.
अमरावती जिले में कुल 8 डिपो से 418 बसों का संचालन किया जा रहा है. इनमें 19 ‘शिवाई’ (इलेक्ट्रिक), 38 ‘शिवशाही’ (एसी) और 361 डीजल बसें शामिल हैं. हाल ही में बेड़े में 80 नई ‘लालपरी’ बसों को शामिल किया गया है, जिन्हें विभिन्न रूट्स पर चलाया जा रहा है. इलेक्ट्रिक ‘शिवाई’ बसों की रेंज करीब 300 किमी होने के कारण इन्हें लंबी दूरी के मार्गों पर सीमित रूप से चलाया जा रहा है, जबकि ‘शिवशाही’ और नई लालपरी बसें लंबी दूरी के सफर के लिए उपयोग में लाई जा रही हैं.
* प्राइवेट ट्रांसपोर्टर्स की भी चांदी
एसटी बसों में सीटों की कमी के कारण कई यात्री निजी ट्रैवल ऑपरेटरों का रुख कर रहे हैं. इसका फायदा उठाते हुए कुछ स्थानों पर किराए में वृद्धि भी देखी जा रही है. साथ ही, अवैध यात्री परिवहन के मामले भी बढ़ने की बात सामने आ रही है.
* विशेष बस सेवाएं शुरू
यात्रियों की सुविधा के लिए अमरावती-चांदूर बाजार, अमरावती-अचलपुर और अमरावती-धारणी जैसे मार्गों पर विशेष बस सेवाएं चलाई जा रही हैं. एमएसआरटीसी के अमरावती विभाग के डिविजनल कंट्रोलर सचिन डफले के अनुसार, यात्रियों को अधिकतम सुविधाएं देने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती भी की गई है. कुल मिलाकर, शादी और छुट्टियों के इस सीजन में सार्वजनिक और निजी दोनों परिवहन सेवाओं में यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है.