एलसीबी के दल ने दो बाइक चोरों को दबोचा
वैद्यकीय काम रहने का बहाना कर चोरी की बाइक बेचते थे आरोपी

* दो मोटर साइकिल जब्त, दर्यापुर थाना क्षेत्र में कार्रवाई
अमरावती /दि.29- मोटरसाइकिल चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अमरावती ग्रामीण पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत ग्रामीण अपराध शाखा ने दो चोरी की मोटरसाइकिलों का पर्दाफाश किया है. आरोपियों ने खुद को अस्पताल का काम रहने का दिखावा कर चोरी की बाइक बेचने की बात सामने आई है. कार्रवाई में करीब 80 हजार रुपए कीमत की दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं. गिरफ्तार आरोपियों के नाम दर्यापुर निवासी रोशन विक्रम चव्हाण (26) और शेख रियाज शेख ईस्माइल (24) है.
जानकारी के मुताबिक पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने जिले में बढ़ती मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ग्रामीण अपराध शाखा के अधिकारियों और कर्मचारियों को जांच कर आरोपियों का पता लगाने के निर्देश दिए थे. इसी क्रम में 28 अगस्त को दर्यापुर-अंजनगांव उपविभाग में मोटरसाइकिल चोरी के आरोपियों का रिकॉर्ड खंगालते समय पुलिस को जानकारी मिली कि दर्यापुर तहसील के उमरी मंदिर गांव निवासी अजय चव्हाण बिना दस्तावेज के मोटरसाइकिल चला रहा है. जानकारी के आधार पर एलसीबी के दल ने अजय चव्हाण को उमरी गांव से मोटरसाइकिल सहित हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान मोटरसाइकिल के दस्तावेजों के संबंध में समाधानकारक जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस ने मामले की गहन जांच की. पूछताछ में रोशन विक्रम चव्हाण (26) और शेख रियाज शेख इस्माइल (24) के नाम सामने आए.
पुलिस पूछताछ में दोनों ने कथित तौर पर बताया कि उन्होंने दर्यापुर-आमला मार्ग स्थित एक खेत से हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी कर अजय चव्हाण को बेच दी थी. इसके अलावा उन्होंने दर्यापुर क्षेत्र से एक अन्य स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी कबूल की. दूसरी बाइक को उन्होंने अकोला जिले के अकोट तहसील निवासी शेख इरफान शेख उस्मान को केले की फसल के समय करीब 3 हजार रुपए में बेचने की जानकारी दी. आरोपियों ने बाइक बेचते समय अस्पताल का काम रहने के कारण पैसों की आवश्यकता रहने से वाहन बेचने की बात कही थी. पुलिस ने दोनों चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर ली हैं. साथ ही रोशन चव्हाण और शेख रियाज को आगे की कार्रवाई के लिए दर्यापुर पुलिस के हवाले किया गया है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के आदेश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़ के मार्गदर्शन में ग्रामीण अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अशोक लांडे के नेतृत्व में पुलिस उपनिरीक्षक सतीश झालटे, एएसआई मंगेश लकडे, सचिन मसांगे के दल ने की.





