मनोज जरांगे के प्रयासों को बड़ी सफलता
मराठा आरक्षण आंदोलकों के वारिसों को 10-10 लाख

* आंदोलन दौरान जान गंवाने वाले 34 लोगों के परिजनों को सहायता
* फडणवीस सरकार द्वारा घोषणा
मुंबई /दि.5- मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली महायुति सरकार ने शुक्रवार को मराठा आरक्षण आंदोलन में जान गंवाने वाले 34 लोगों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है. इससे मराठा आंदोलनकारी मनोज जरांगे के प्रयासों को बड़ी सफलता माना जा रहा है.
मनोज जरांगे ने मराठा आरक्षण के लिए राज्य में बड़ा आंदोलन छेड़ा है. इस मामले में विभिन्न स्थानों पर हुए आंदोलनों में कुल 309 लोगों की जान गई थी. राज्य सरकार ने इन मौतों के परिजनों की सहायता के लिए 27 करोड़ 50 लाख रुपये का फंड मंजूर किया था. लेकिन इनमें से 34 व्यक्तियों के परिवारों को अभी तक एक रुपये की भी सहायता नहीं मिली थी. मनोज जरांगे ने अपने अंतरवाली सराटी स्थित आंदोलन के दौरान इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था. उस पर मराठा आरक्षण उपसमिति के अध्यक्ष राधाकृष्ण विखे पाटिल ने मुख्यमंत्री से चर्चा कर इस मामले में ठोस निर्णय लेने का आश्वासन दिया था. उसी के अनुसार, आज राज्य सरकार ने इन 34 लोगों के परिवारों को तत्काल सहायता करने का निर्णय लिया.
मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल ने इस निर्णय के बारे में बताते हुए कहा कि राज्य सरकार ने मराठा आरक्षण आंदोलन में जान गंवाने वाले 34 लोगों के परिवारों को 10-10 लाख रुपये की सहायता देने का निर्णय लिया है. इसके लिए 3 करोड़ 40 लाख रुपये का फंड तत्काल मंजूर किया है. इस फंड के माध्यम से बीड जिले के 15, धाराशिव जिले के 5, परभणी और हिंगोली जिले के 4-4, नांदेड़ के 3, तो जालना, छत्रपति संभाजीनगर और लातूर जिले के एक-एक परिवार को सहायता दी जाएगी. सरकार मराठा आरक्षण के मुद्दे पर दिए गए सभी आश्वासनों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है.
* जरांगे ने चिलचिलाती धूप में किया था अनशन
उल्लेखनीय बात यह है कि मनोज जरांगे ने बीते 30 तारीख को सुबह 9.30 बजे चिलचिलाती धूप में अनशन शुरू किया था. उसके बाद दिन भर सरकार का प्रतिनिधिमंडल और मनोज जरांगे के बीच चर्चा चलती रही. सरकार की ओर से यह अनशन वापस लेने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास किए गए. उसके बाद मनोज जरांगे ने मध्यरात्रि 1 बजे अनशन वापस लेने की घोषणा की. उससे पहले, उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार ने अपनी सभी प्रमुख मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया है.





