परसों भगवान बालाजी जलविहार उत्सव
इतवारा बाजार से भव्य शोभायात्रा का आयोजन

* अमरावती की अपनी श्रेष्ठ धार्मिक परंपरा
अमरावती/दि.21– अंबानगरी की अपनी श्रेष्ठ परंपरा अनुसार जलविहार उत्सव के आयोजन में सभी जुटे हैं. परसों बुधवार 23 सितंबर को शाम 5 बजे इतवारा बाजार से भगवान बालाजी जलविहार उत्सव अंतर्गत भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी. जिसमें सुसज्जित रथ पर भगवान राधाकृष्ण की सुवर्ण अलंकार सुशोभित मूर्ति विराजमान रहेगी. इन्हीं का नगर भ्रमण करवाया जाता है. भाविक अपने घर और प्रतिष्ठान के सामने आए भगवान बालाजी का श्रद्धापूर्वक पूजन एवं आरती करते हैं.
संस्थाध्यक्ष महेश लक्ष्मण साहू ने अमरावती मंडल को बताया कि, यह शोभायात्रा भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा समान रहती है. सभी भक्त हाथों से रथ को खींचकर ले जाते हैं. सभी भाविक शोभायात्रा में उत्साह से सम्मिलित होते हैं. लोकनृत्य, लोकवाद्यों से लेकर नाना प्रकार की कलाओं का प्रदर्शन भी श्रद्धालु कलाकार करते हैं.
महेश साहू ने बताया कि, यमुना नदी के महत्व को बढाने भगवान श्रीकृष्ण ने बाल्यावस्था में ही यमुना तट को क्रीडा स्थल बनाया था. मान्यता के अनुसार वहां भगवान श्रीकृष्ण ने सभा का आयोजन किया. सभा में प्रस्ताव रखा गया कि, सभी ग्रामवासी जलविहार करने यमुना तट जाएंगे. इस प्रस्ताव का विदुर जी ने अनुमोदन किया. आनंदोत्सव और जलविहार की तिथि भादंवा मास की बारस तय हुई. उसी के अनुरुप समस्त ग्रामवासी नर-नारी सज-धजकर आनंदोत्सव मनाने भगवान कृष्ण के साथ वाद्यवृंद लेकर झूमते-थिरकते निकल पडते हैं. भगवान ने जलविहार किया. आनंदोत्सव मनाया. उसी परंपरा के अनुरुप पिछले अनेक दशकों से अमरावती में श्री साहू समाज द्वारा जलविहार शोभायात्रा का भव्य-दिव्य रुप में आयोजन किया जा रहा है. संस्था अध्यक्ष महेश साहू और समस्त कार्यकारिणी ने भाविकों से जलविहार शोभायात्रा में सम्मिलित होकर पुण्य प्राप्त करने का आवाहन किया है.





