मायके में छुट्टियां बिताने आई विवाहिता की गला रेतकर निर्मम हत्या
चंद्रपुर में वारदात

चंद्रपुर/दि.30 – गर्मी की छुट्टियां बिताने के लिए अपने मायके आई 36 वर्षीय विवाहित महिला की अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी. यह सनसनीखेज घटना चंद्रपुर जिले के राजुरा तहसील स्थित ’वेकोलि’ की धोपटाला कामगार कॉलोनी में सामने आई है. मृत महिला का नाम शीतल रणधीर कुंभारे है. इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और भय का माहौल है.
मिली जानकारी के अनुसार, शीतल कुंभारे कुछ दिन पहले ही अपनी छोटी बेटी के साथ धोपटाला टाउनशिप के क्वार्टर क्रमांक 52/2 स्थित अपने मायके आई थीं. घटना की रात शीतल की मां और भाई देवदर्शन के लिए बाहर गए हुए थे. इस कारण घर में केवल शीतल और उनकी छोटी बेटी ही मौजूद थीं. रात के समय शीतल की बेटी दूसरे कमरे में सो रही थी. इसी दौरान अज्ञात हत्यारा घर में घुसा. आरोपी ने गहरी नींद में सो रही शीतल पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार किए और इसके बाद उनका गला रेत दिया. इस बेहद क्रूर हमले में अत्यधिक रक्तस्राव होने से शीतल की मौके पर ही मौत हो गई.
* सुबह बेटी के जागने पर हुआ खुलासा
सुबह जब छोटी बेटी की नींद खुली तो उसने अपनी मां को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा. इसके बाद इस भयावह घटना का खुलासा हुआ. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय नागरिकों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. राजुरा पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर पंचनामा किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया. राजुरा पुलिस थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है. हत्या पारिवारिक विवाद के कारण हुई या व्यक्तिगत दुश्मनी के चलते, इसकी जांच के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें रवाना की गई हैं. राजुरा पुलिस निरीक्षक आसिफ रजा के मार्गदर्शन में मामले की आगे की जांच जारी है.





