मनपा आयुक्त वर्षा लढ्ढा ने फिरे स्वास्थ्य केंद्रों और स्कूलों का किया निरीक्षण

संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार कार्य करने के दिये निर्देश

अमरावती/दि.4– अमरावती मनपा की आयुक्त वर्षा लढ्ढा ने बुधवार को शहर के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों और मनपा स्कूलों का निरीक्षण कर नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार कार्य तत्काल करने के निर्देश दिए.
आयुक्त ने भाजीबाजार, पठाण चौक, हैदरपुरा और तारखेड़ा स्थित स्वास्थ्य केंद्रों का दौरा कर मरीज पंजीकरण, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सा उपकरण, उपचार व्यवस्था तथा स्वच्छता की जांच की. उन्होंने मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए अस्पताल परिसरों की नियमित सफाई, पेयजल, प्रतीक्षालय और शौचालयों की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. इसके बाद उन्होंने झोन क्रमांक-5 की मनपा स्कूल तथा भाजीबाजार स्थित स्कूल क्रमांक-6 का निरीक्षण किया. स्कूलों में कक्षाओं, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, खेल सामग्री और अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेते हुए विद्यार्थियों को सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण में शिक्षा उपलब्ध कराने पर बल दिया.
आयुक्त वर्षा लढ्ढा ने कहा कि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य और शिक्षा सेवाएं उपलब्ध कराना महानगरपालिका की प्राथमिकता है. उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने और सेवा वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त आयुक्त शिल्पा नाईक, उपायुक्त योगेश पिठे, चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विशाल काले, शिक्षा अधिकारी डॉ. प्रकाश मेश्राम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे.

Back to top button