कठोरा क्षेत्र में चला मनपा का बुलडोजर
10 दुकानों द्वारा किया गया अतिक्रमण हटाया गया

* आज से पूरे शहर में चौक-चौराहों तथा मार्केट में चलाया जाएगा अभियान
अमरावती /दि.28- बीते 2 दिन पहले शहर के मुख्य चौक-चौराहों पर अतिक्रमण का जाल बिछा होने की खबर प्राथमिकता से प्रकाशित की गई थी. जिसकी दखल लेकर मनपा आयुक्त ने संपूर्ण अतिक्रमण विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को शहर के प्रमुख चौक-चौराहों को लेकर रास्तों पर अतिक्रमण करनेवाले अतिक्रमणधारकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे. जिसके चलते बुधवार को मनपा के अतिक्रमण विभाग ने संपूर्ण शहर में अचानक कार्रवाई का अभियान शुरु कर दिया.
डॉ. मंगेश गोंदावले के स्पष्ट निर्देश पर जोन क्रमांक 1 अंतर्गत आनेवाली टीम ने कठोरा नाका रोड स्थित साई शिखर अपार्टमेंट में कार्रवाई की. यहां 10 दुकानदारों द्वारा दुकानों के सामने पार्किंग की जगह पर अवैध रुप से लोहे के शेड बनाकर तथा दुकान का सामान रखकर अतिक्रमण किया गया था. जिस कारण अतिक्रमण विभाग ने दोपहर से कठोरा रोड स्थित कार्रवाई में 3 ट्रकों और अतिक्रमण अधिकारियों की सहायता से सडक किनारे किए गए अवैध कब्जे, पार्किंग के लिए उपयोग की जा रही सार्वजनिक जगहों पर यातायात में बाधा बननेवाली वस्तुओं को भी तुरंत हटा दिया गया.
आयुक्त ने स्पष्ट संकेत दिए कि, शहर को स्वच्छ और सुंदर तथा यातायात के लिए अनुकुल बनाने के लिए अब यह अभियान रोजाना जारी रहेगा. मनपा आयुक्त गोंदावले ने स्पष्ट संकेत दिए कि, अब रोजाना शहर के अन्य मुख्य चौक-चौराहों पर तथा बाजारों में अतिक्रमण करनेवालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
* प्रशासन ने की नागरिकों से अपील
मनपा प्रशासन ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि, वे स्वयं ही अपना अतिक्रमण हटा लें, सार्वजनिक स्थानों का दुरुपयोग न करें, अन्यथा बिना किसी सूचना के कडी कार्रवाई की जाएगी.





