मेरा बेटा अपनी पत्नी पर कर रहा चाकू से हमला
एक कॉल से महिला की जान बच गई
* नागपुर शहर के बेलतरोडी थाना क्षेत्र की रोमांचक घटना
नागपुर/दि.22 – गोटालपांजरी इलाके में एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक युवक ने अपनी पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. समय रहते पुलिस की त्वरित कार्रवाई से महिला की जान बच गई. घटना बेलतरोडी पुलिस थाना क्षेत्र की बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात ग्रीन सिटी-4 निवासी सुरेंद्र वानखेडे ने पुलिस कंट्रोल रूम को घबराई हुई आवाज में फोन कर बताया कि उनका बेटा ऋषिकेश वानखेडे (22) अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर रहा है. सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मुकुंद कवाड़े के निर्देश पर पुलिस उपनिरीक्षक नारायण घोडके और पुलिसकर्मी रितेश गोतमारे तत्काल मौके पर पहुंचे. जब पुलिस टीम फ्लैट पर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था. पुलिस ने बिना देर किए दरवाजा खुलवाकर अंदर प्रवेश किया. उस समय आरोपी ऋषिकेश के हाथ में खून से सना चाकू था और वह पत्नी पर फिर से हमला करने की कोशिश कर रहा था. पुलिसकर्मी रितेश गोतमारे ने साहस दिखाते हुए आरोपी के हाथ से चाकू छीन लिया और उसे काबू में कर लिया.
हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी. पुलिस ने तुरंत उसे एम्स अस्पताल पहुंचाया. करीब 9.3 किमी की दूरी महज 15 मिनट में तय कर डॉक्टरों को पहले ही सतर्क कर दिया गया था, जिससे महिला का समय पर इलाज शुरू हो सका और उसकी जान बच गई. फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है. पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ऋषिकेश अपनी पत्नी पर शक करता था और अक्सर इसी बात को लेकर विवाद करता था. बुधवार रात भी दोनों के बीच इसी मुद्दे पर झगड़ा हुआ. आरोपी पत्नी को बेडरूम में ले गया, दरवाजा बंद किया और मारपीट शुरू कर दी. इसके बाद उसने पत्नी की गर्दन और गले पर चाकू से वार किए. बेलतरोडी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिसकर्मियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है.





