नागपुर एयरपोर्ट बनेगा ‘वर्ल्ड क्लास’

केंद्र सरकार की बड़ी मंजूरी, 3 करोड़ यात्रियों की क्षमता वाला भव्य विस्तार प्रोजेक्ट

* विदर्भ की अर्थव्यवस्था को मिलेगा नया उड़ानपथ
* आधुनिक कार्गो हब और अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा एयरपोर्ट
नागपुर/दि.13- नागपुर के डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल को अब विश्वस्तरीय स्वरूप देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. केंद्र सरकार ने नागपुर एयरपोर्ट के आधुनिकीकरण और विस्तार परियोजना को मंजूरी देते हुए सार्वजनिक व निजी भागीदारी (पीपी) मॉडल पर दीर्घकालीन संचालन का रास्ता साफ कर दिया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में इस महत्वपूर्ण प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई. इस निर्णय के बाद नागपुर एयरपोर्ट को आने वाले वर्षों में देश के सबसे आधुनिक और अत्याधुनिक हवाई अड्डों में शामिल करने की तैयारी तेज हो गई है.
केंद्रीय मंत्रिमंडल के निर्णय के अनुसार भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा मिहान इंडिया लिमिटेड को दी गई जमीन की लीज अवधि 6 अगस्त 2039 के बाद भी बढ़ाई जाएगी. इससे मिहान इंडिया लिमिटेड को जीएमआर नागपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड को 30 वर्षों के कन्सेशन एग्रीमेंट के तहत एयरपोर्ट संचालन का अधिकार देने में सुविधा होगी. इस मंजूरी के साथ ही लंबे समय से अटकी नागपुर एयरपोर्ट विस्तार योजना को अब निर्णायक गति मिल गई है.

Back to top button