सिजेरियन ऑपरेशन में लापरवाही, दो डॉक्टरों पर मामला दर्ज
महिला की इलाज के दौरान मौत, अंजनगांव सुर्जी की घटना

अमरावती/दि.20 – अंजनगांव सुर्जी निवासी रेशमा बी इरफान अहमद (26) की सिजेरियन डिलीवरी के दौरान कथित लापरवाही का मामला सामने आया है. यह घटना 28 अक्तूबर 2024 को घटित हुई थी. 19 माह बाद पुलिस को जिला शल्यचिकित्सक से प्राप्त हुई अंतिम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अंजनगांव की डॉ. दिपाली अभय काले (44) और डॉ. श्याम सदांशिवे (39) के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
जानकारी के मुताबिक अंजनगांव के खिडकीपुरा निवासी मृतक रेशमा बी इरफान अहमद की अस्पताल में आरोपियों द्वारा प्रसूति सिजेरियन ऑपरेशन के जरिए की गई थी. ऑपरेशन के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और पेट में तेज दर्द होने पर उसे इलाज के लिए पहले सिटी हॉस्पिटल, अमरावती तथा बाद में रिम्स हॉस्पिटल, अमरावती में भर्ती कराया गया. इलाज के दौरान ऑपरेशन के समय मेडिकल अधिकारियों को मृतका के पेट में एक एब्डॉमिनल मॉब मिलने की जानकारी ऑपरेशन नोट में दर्ज की गई. हालत लगातार गंभीर होने के कारण रेशमा की उपचार के दौरान मौत हो गई. इस मामले में पुलिस ने 28 अक्टूबर 2024 को आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी. जांच के बाद प्राप्त अंतिम मेडिकल रिपोर्ट में जिला शल्य चिकित्सक, जनरल हॉस्पिटल अमरावती ने सिजेरियन ऑपरेशन के दौरान लापरवाही होने की संभावना जताई है. रिपोर्ट के आधार पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है





