राज्य में 1 महीने के लिए पर्याप्त ईंधन भंडार
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल की जानकारी

मुंबई /दि.20- महाराष्ट्र के कई पेट्रोल पंप ईंधन की कमी के कारण सूख चुके हैं. इसी बीच राज्य के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल ने स्पष्ट किया है कि राज्य में 1 महीने तक पर्याप्त रहने वाला ईंधन भंडार उपलब्ध है. इससे यदि मध्यपूर्व की स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो राज्य को बड़े ईंधन संकट का सामना करना पड़ सकता है, ऐसी आशंका व्यक्त की जा रही है.
महाराष्ट्र के कई स्थानों पर पेट्रोल पंपों पर ईंधन के लिए लोगों की लंबी कतारें लग गई हैं. कुछ जगहों पर मारपीट की घटनाएं भी सामने आई हैं. इस मामले में विपक्ष ने सरकार पर तीखा हमला बोला है, वहीं मंत्री छगन भुजबल ने उपलब्ध भंडार की उपरोक्त जानकारी दी है.
* केरोसिन वितरण की श्रृंखला टूटी
छगन भुजबल ने कहा कि सरकार के पास फिलहाल 1 महीने के लिए पर्याप्त पेट्रोल-डीजल का भंडार उपलब्ध है. पेट्रोल-डीजल की चिंता जरूर है, लेकिन राज्य के पास केरोसिन (मिट्टी का तेल) का पर्याप्त भंडार है. हालांकि केरोसिन वितरण की जो श्रृंखला थी, वह अब पूरी तरह टूट चुकी है. इस स्थिति से निपटने और वितरण सुचारू करने के लिए कुछ विशेष अधिकारियों की नियुक्ति की गई है. विशेष रूप से इस आपूर्ति श्रृंखला को फिर से शुरू करने के लिए अब केरोसिन वितरण की निःशुल्क अनुमति दी जाएगी.
* मोदी स्थिति से रास्ता निकालने प्रयासरत
भुजबल ने कहा कि ईंधन संकट का मुद्दा केवल मुंबई, महाराष्ट्र या भारत तक सीमित नहीं है. यह एक वैश्विक समस्या बन चुका है. ईरान, अमेरिका और अन्य देशों के बीच चल रहे आंतरिक विवाद और राजनीतिक घटनाक्रमों के कारण वैश्विक ईंधन आपूर्ति बाधित हुई है. इसका असर यूरोप से लेकर जापान और यहां तक कि अमेरिका जैसी महाशक्ति पर भी पड़ा है. वहां भी पेट्रोल-डीजल की कीमतें आसमान छू रही हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस स्थिति से रास्ता निकालने का प्रयास कर रहे हैं. ईंधन की आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के लिए वे कई नए देशों से संपर्क कर चर्चा कर रहे हैं. वैश्विक ईंधन संकट बहुत बड़ा है. इसलिए हमें भी कुछ कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा. लेकिन अन्य देशों की तुलना में फिलहाल भारत की स्थिति काफी अच्छी और नियंत्रण में है.
* मुख्यमंत्री स्वयं आगे आकर स्थिति स्पष्ट करें
दूसरी ओर, राष्ट्रवादी कांग्रेस शरदचंद्र पवार पार्टी की सांसद सुप्रिया सुले ने छगन भुजबल के बयान पर गंभीर चिंता व्यक्त की है. साथ ही इस मामले में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से स्पष्टीकरण भी मांगा है. उन्होंने कहा कि राज्यभर में पेट्रोल-डीजल की कमी के कारण पंपों पर लंबी कतारें लग रही हैं. कुछ जगहों पर हिंसक घटनाओं की भी खबरें हैं. राज्य में हर तरफ ईंधन संकट से जनता परेशान है, जबकि सरकार ने केवल एक महीने का ईंधन भंडार होने की बात कही है.
* मोदी ने जनता को महंगाई दी – वडेट्टीवार
दूसरी ओर, कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने देश में ईंधन संकट को लेकर सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, मोदीजी, इटली की प्रधानमंत्री को चॉकलेट और भारतीयों को गाजर, यह हमें समझ नहीं आया! देश की जनता को महंगाई और संकट की मिर्ची देकर मोदीजी इटली की प्रधानमंत्री को चॉकलेट दे रहे हैं. एक चॉकलेट उन 22 लाख विद्यार्थियों को भी दीजिए, जिनके सपने छएएढ पेपर लीक से टूट गए. सातबारा साफ करने के वादे में फंसे किसानों को भी एक चॉकलेट दीजिए. आज पेट्रोल-डीजल के लिए कतारों में खड़े सभी भारतीय नागरिकों को भी एक चॉकलेट दीजिए. मोदीजी, भारतीय नागरिकों को आप कब तक गाजर दिखाते रहेंगे? जल्दी भारत आइए, देश आपका इंतजार कर रहा है.
* मोदी-फडणवीस चोरी और डकैती का माल – पटोले
कांग्रेस नेता नाना पटोले ने भी इस मामले में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी और देवेंद्र फडणवीस चोरी और डकैती का माल हैं. ईवीएम मैनेज करना, फर्जी मतदाता सूचियां और एसआईआर जैसे अलग-अलग तरीकों से जनता के मतदान के अधिकार को दबाकर केंद्र और राज्य की सरकारी मशीनरी का उपयोग कर भाजपा ने लोकतंत्र की हत्या की है. देवेंद्र फडणवीस को राहुल गांधी पर अपशब्द बोलने के बजाय प्रधानमंत्री को देश की मूल समस्याओं से भागने के बजाय साहसपूर्वक समाधान निकालने की सलाह देनी चाहिए. नीट पेपर लीक मामले में सीबीआई द्वारा गिरफ्तार 10 आरोपियों में से 6 महाराष्ट्र के हैं. पेपर सेट करने वाले ही पेपर लीक कर रहे हैं, राज्य का गृह विभाग क्या कर रहा है? राज्य के गृह मंत्री को राज्य में अपराध कम करने पर ध्यान देना चाहिए. राहुल गांधी पर असंस्कारी भाषा में टिप्पणी करने की उनकी हैसियत नहीं है. बाकी जनता किसे फेकू, खोटेंद्र और अनाजीपंत कहती है, यह हमें अच्छी तरह पता है, लेकिन इस तरह की भाषा कांग्रेस की संस्कृति नहीं है, ऐसा नाना पटोले ने कहा.