निलंबित पटवारी विपुल ठाकरे पर पथ्रोट थाने में नया मामला दर्ज

अवैध हथियार सप्लाई का आरोप

अमरावती/दि.10 – पहले से गंभीर आरोपों का सामना कर रहे निलंबित पटवारी विपुल भानुदास ठाकरे की मुश्किलें और बढ़ गई हैं. पथ्रोट पुलिस ने अवैध हथियार उपलब्ध कराने के आरोप में उनके खिलाफ नया मामला दर्ज किया है. फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश जारी है.
जानकारी के अनुसार, आसेगांव पूर्णा के तत्कालीन पटवारी विपुल ठाकरे के खिलाफ पहले गाडगे नगर पुलिस थाने में एक महिला की शिकायत पर अत्याचार तथा रिवॉल्वर की नोक पर रुपये ऐंठने का मामला दर्ज किया गया था. हालांकि, उन्होंने स्थानीय अदालत से अग्रिम जमानत प्राप्त कर ली थी. गंभीर आरोपों को देखते हुए जिलाधिकारी आशीष येरेकर के निर्देश पर उन्हें निलंबित कर दिया गया. इसके बाद पुलिस ने 9 जुलाई को जांच के तहत उनका लाइसेंसी पिस्टल भी जब्त कर लिया. इसी बीच 10 जुलाई को पथ्रोट पुलिस ने कासमपुर निवासी अनिकेत रविंद्र महाजन (24) के कब्जे से एक देसी कट्टा, दो मैगजीन और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए. पूछताछ में अनिकेत ने पुलिस को बताया कि उसने यह अवैध हथियार अमरावती के अर्जुन नगर निवासी विपुल भानुदास ठाकरे से प्राप्त किए थे.
अनिकेत महाजन के बयान के आधार पर पथ्रोट पुलिस ने विपुल ठाकरे के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है. अब पुलिस यह जांच कर रही है कि उनके पास अवैध हथियार कहां से आए, उनका उद्देश्य क्या था और क्या पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए उन्होंने ये हथियार दूसरे व्यक्ति के पास छिपाकर रखे थे. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार विपुल ठाकरे की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है. जांच पूरी होने के बाद मामले में अन्य महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है.

Back to top button