दोपहिया वाहनों के लिए नई नंबर सीरीज शुरू

पसंदीदा नंबर के लिए 5 अगस्त तक करें आवेदन

अमरावती/दि.1– क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) अमरावती द्वारा गैर-परिवहन श्रेणी के दोपहिया वाहनों के लिए नई वाहन नंबर श्रृंखला शुरू की जा रही है. इच्छुक वाहन मालिकों से बुधवार 5 अगस्त को पसंदीदा (फैंसी) वाहन नंबर के लिए आवेदन करने का आग्रह किया गया है.
उप प्रादेशिक परिवहन अधिकारी नंदकिशोर काले ने बताया कि इच्छुक आवेदक सुबह 10 बजे से दोपहर 2.30 बजे के बीच निर्धारित शुल्क के डिमांड ड्राफ्ट के साथ अपना आवेदन परिवहन कार्यालय, कैंप, अमरावती के खिड़की क्रमांक-25 पर जमा कर सकते हैं. आवेदन के साथ वाहन मालिक के नाम एवं पते का प्रमाण, पैन कार्ड तथा आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर देना अनिवार्य होगा. आरटीओ ने स्पष्ट किया है कि पसंदीदा वाहन नंबर के लिए आवेदन करने वाले किसी भी आवेदक को फोन कॉल, मोबाइल कॉल या एसएमएस के माध्यम से अलग से सूचना नहीं दी जाएगी. इसलिए आवेदकों से निर्धारित समय पर स्वयं उपस्थित होकर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई है.

Back to top button