अमरावती रेंज में अपराधियों पर कसेगा शिकंजा

गोवंश तस्करी, साइबर अपराध और नशे के कारोबार के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान

* नव नियुक्त आईजी डॉ. महेश पाटिल ने बताई प्राथमिकताएं, संगठित अपराध पर भी होगी सख्त कार्रवाई
अमरावती/दि.1 – अमरावती रेंज के नव नियुक्त पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) डॉ. महेश पाटिल ने पदभार ग्रहण करने के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं. उन्होंने कहा कि अमरावती रेंज में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए संगठित अपराध, गोवंश तस्करी, साइबर अपराध तथा नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जाएगा.
अमरावती रेंज के विशेष पुलिस महानिरीक्षक के तौर पर अपना पदभार स्विकार करने के उपरांत दैनिक ‘अमरावती मंडल’ के साथ विशेष बातचीत में आईजी डॉ. पाटिल ने कहा कि क्षेत्र में सक्रिय लूटपाट और संगठित अपराध में शामिल गिरोहों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. आवश्यकता पड़ने पर ऐसे अपराधी गिरोहों पर महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत कार्रवाई करने पर भी विचार किया जाएगा. उन्होंने कहा कि पुलिस अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखेगी और संगठित अपराध को जड़ से समाप्त करने के लिए विशेष रणनीति के साथ काम किया जाएगा.
* गोवंश तस्करी पर रहेगी विशेष नजर
आईजी डॉ. पाटिल ने कहा कि गोवंश तस्करी एक गंभीर अपराध है और इसमें शामिल लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. अमरावती रेंज के अंतर्गत आने वाले सभी जिलों की पुलिस को इस संबंध में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए जाएंगे. तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों और गिरोहों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
* साइबर अपराधियों पर भी शिकंजा
उन्होंने बताया कि डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं और बड़ी संख्या में नागरिक ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार हो रहे हैं. इस चुनौती से निपटने के लिए साइबर सेल को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा तथा पुलिस थानों को भी साइबर अपराधों की जांच में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए जाएंगे. डॉ. पाटिल ने कहा कि साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा. इसके साथ ही नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि लोग ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, डिजिटल फ्रॉड और अन्य साइबर अपराधों से बच सकें.
* नशे के कारोबार के खिलाफ व्यापक अभियान
आईजी ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस व्यापक अभियान चलाएगी. ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में नशे का कारोबार करने वाले तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी. नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा.उन्होंने कहा कि केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि युवाओं और नागरिकों को जागरूक करने के लिए भी विशेष अभियान चलाए जाएंगे, ताकि समाज में नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता बढ़े और युवा सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ सकें.
* जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
नवनियुक्त आयजी डॉ. महेश पाटिल ने स्पष्ट किया कि अमरावती रेंज में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना बढ़ाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी. उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए जनता का विश्वास और अधिक मजबूत करने का कार्य करेगा. उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, साइबर धोखाधड़ी, नशे के कारोबार या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दें, ताकि समाज को सुरक्षित और अपराधमुक्त बनाया जा सके.

Back to top button