कुख्यात वाहन चोर गिरोह को दबोचा, 14 चोरी के वाहन जब्त
नागपुर क्राइम ब्रांच यूनिट-1 की भंडारा जिले में कार्रवाई

* 13.55 लाख रुपए का माल जब्त
नागपुर /दि.27- वाहन चोरी के मामलों का लगातार पीछा कर रही नागपुर शहर पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट क्रमांक-1 को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वाहन चोरी के मामलों में शामिल आरोपी पियुष जगनाडे यह फिलहाल अपने मूल गांव भंडारा जिले के लाखनी तहसील में आने वाले टेकेपार में छिपा हुआ है. इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसे उसके गांव से दबोच लिया. पश्चात उसके दो अन्य साथी धरे गये. आरोपियों के पास से कुल 14 चोरी के वाहन जब्त किये गये है.
वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति से विशेष टीम को रातोंरात लाखनी भेजा गया. वहां गोपनीय जानकारी जुटाकर पुलिस ने बेहद सतर्कता और शातिर तरीके से आरोपी पियुष रविंद्र जगनाडे को बिना नंबर प्लेट की सफेद रंग की एक्टिवा के साथ हिरासत में लिया. पूछताछ में आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों अंशुल सरजारे और दीप रामटेके के नाम बताए. पुलिस ने दोनों को भी हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की. जांच में तीनों आरोपियों के पास से कुल 14 चोरी के वाहन बरामद किए गए. जब्त वाहनों में 3 नई बुलेट, 8 होंडा एक्टिवा मोपेड, एक पल्सर 220, एक होंडा यूनिकॉर्न और एक होंडा फैशन प्रो शामिल हैं. इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए. कुल जब्त माल की कीमत 13 लाख 55 हजार रुपए बताई गई है.
पुलिस जांच में नागपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्र के विभिन्न थानों में दर्ज 11 वाहन चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है. इनमें बजाज नगर, एमआईडीसी, राणा प्रताप नगर, सोनेगांव, हुडकेश्वर, खापरखेड़ा, बोरी तथा नागपुर ग्रामीण के कई थानों में दर्ज मामले शामिल हैं. पुलिस के अनुसार जब्त पल्सर क्रमांक एमएच-40/एएच-1840 का विवरण अभी प्राप्त नहीं हुआ है, जबकि पीबी-02/एएन-4440 नंबर की नई बुलेट के संबंध में हुडकेश्वर थाने में अभी अपराध दर्ज नहीं है. वहीं एमएच-36/एक्यू-6556 नंबर की होंडा यूनिकॉर्न वाहन चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल की जा रही थी. गिरफ्तार आरोपियों के नाम पियुष रविंद्र जगनाडे (23), लाखनी निवासी अंशुल महेश सरजारे (23), दीप कुलदीप रामटेके (20) है. क्राइम ब्रांच यूनिट-1 ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 14 चोरी के वाहन, दो मोबाइल फोन सहित 13.55 लाख रुपए का मुद्देमाल बरामद किया है. आगे की जांच के लिए आरोपियों और जब्त माल को बजाज नगर पुलिस थाना के हवाले किया गया है.





