टायर बदलते समय हुई दुर्घटना में युवक की मौत

मूर्तिजापुर तहसील के अनभोरा गांव के पास की घटना

मूर्तिजापुर /दि.27- राष्ट्रीय महामार्ग के अनभोरा गांव के पास रविवार को तडके भीषण दुर्घटना में एक 27 वर्षीय युवक की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. जबकि तीन लोग घायल हो गये. तेज रफ्तार से दौड रहे ट्रक-ट्रेलर चालक की लापरवाही के कारण यह दुर्घटना घटित होने की जानकारी सामने आयी है. हादसे के बाद चालक वाहन के साथ फरार हो गया.
पवन दीपक वानखडे नामक युवक अपने साथियों के साथ बैंड पार्टी के वाहन से कारंजा से मूर्तिजापुर की तरफ से बोरगांव मंजू की तरफ लौट रहा था. अनभोरा गांव के पास वाहन का टायर पंक्चर होने से सभी लोग सडक किनारे खडे थे. पवन वानखडे और उसका साथी स्टेपनी का टायर बैठा रहे थे. तब मूर्तिजापुर की तरफ से तेज रफ्तार से आ रहे अज्ञात ट्रक-ट्रेलर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण दुर्घटना में पवन वानखडे की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस का दल घटनास्थल आ पहुंचा. पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती किया गया है. फरार आरोपी चालक की पुलिस तलाश कर रही है.

Back to top button