कुख्यात वाहन चोर धरा गया, चोरी के तीन वाहन जब्त
अमरावती क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई

अमरावती/दि.22 – अमरावती क्राइम ब्रांच ने वाहन चोरी करने वाले एक कुख्यात आरोपी को गिरफ्तार कर दोपहिया वाहन चोरी के तीन मामलों का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 2 लाख रुपये मूल्य के तीन वाहन जब्त किये है. गिरफ्तार आरोपी का नाम आदर्श नगर निवासी विशाल उर्फ आकाश रवींद्र कंठाले (28) है.
पुलिस आयुक्त राकेश ओला के निर्देश पर शहर में बढ़ती दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी के तहत क्राइम ब्रांच के पुलिस निरीक्षक संदीप चव्हाण के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की. जानकारी के अनुसार, सिटी कोतवाली थाना में दर्ज वाहन चोरी के एक मामले की जांच के दौरान 21 मई को क्राइम ब्रांच टीम को सूचना मिली कि एक युवक चोरी की एक्टिवा लेकर सुंदरलाल चौक से अमरावती कोर्ट की ओर जा रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस ने फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र में जाल बिछाकर संदिग्ध युवक को रोका. पूछताछ में युवक के पास मौजूद ग्रे रंग की एक्टिवा एमएच-27/एक्यू-3700 चोरी की निकली. आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने यह वाहन करीब 15 से 20 दिन पहले धर्मदाय कॉटन फंड परिसर की पार्किंग से चुराया था. गहन पूछताछ में आरोपी ने शहर में वाहन चोरी के तीन मामलों में अपनी संलिप्तता कबूल की. पुलिस ने उसके पास से करीब 2 लाख रुपये मूल्य की चोरी की मोटरसाइकिलें और एक्टिवा जब्त की हैं.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल उर्फ आकाश रविंद्र कंठाले (28), निवासी आदर्श नगर, गोपाल नगर, अमरावती के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ सिटी कोतवाली और बडनेरा थाने में वाहन चोरी के मामले दर्ज हैं. यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त श्याम घुगे, पुलिस उपायुक्त रमेश धुमाल तथा एसीपी शिवाजी बचाटे के मार्गदर्शन में निरीक्षक संदीप चव्हाण के नेतृत्व में सहायक निरीक्षक दशरथ आडे, जवान संभाजी केंद्रे, सूरज चव्हाण, सागर ठाकरे, निखिल गेडाम, योगेश पवार, चेतन गुल्हाने के दल ने की.





