उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित

जुलाई में अमरावती ग्रामीण पुलिस का शानदार प्रदर्शन

* अपराधों का पर्दाफाश, गांजा तस्करों पर कार्रवाई से लेकर बाढ़ में नागरिकों की जान बचाने तक किए उल्लेखनीय कार्य
अमरावती/दि.14 – अमरावती ग्रामीण पुलिस बल ने जुलाई माह में अपराध नियंत्रण, गंभीर अपराधों के पर्दाफाश, मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई, संपत्ति संबंधी अपराधों की जांच और आपदा के दौरान नागरिकों की मदद के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया. उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाने के लिए उन्हें प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया.
अमरावती ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के अच्छे कार्यों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित करने की पहल की है. इसी के तहत जुलाई 2026 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को क्राइम मीटिंग के दौरान प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए.

* वरुड पुलिस थाने को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान
जुलाई माह में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वरुड पुलिस थाने को सर्वश्रेष्ठ पुलिस स्टेशन के रूप में प्रशंसा प्रमाण पत्र प्रदान किया गया. इस अवसर पर पुलिस निरीक्षक एवं थानेदार अशोक जाधव को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया.

* तकनीकी जांच से हत्या के मामलों का पर्दाफाश
मोर्शी पुलिस थाने में धारा 103(1), 140(1), 238, 324(5), 3(5) के तहत दर्ज मामले में तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण कर अपराध का पर्दाफाश किया गया. इसी प्रकार खोलापुरी गेट पुलिस थाने के धारा 103(1) के मामले में भी मोर्शी और खोलापुरी गेट पुलिस थाने के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा स्थानीय अपराध शाखा के अधिकारियों ने अथक प्रयास करते हुए मामले को सुलझाया. इस उल्लेखनीय कार्य के लिए संबंधित पुलिसकर्मियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया.

* पांच आरोपियों की पहचान, तीन गिरफ्तार
लोणी पुलिस थाना क्षेत्र में ग्रामी अपराध शाखा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बीएनएस की धारा 309, 3(5) के तहत बाइक पर लूटपाट करने वाले पांच आरोपियों की पहचान की. इनमें से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक नाबालिग को कानून के अनुसार हिरासत में लिया गया. इसी दौरान लोणी पुलिस थाना क्षेत्र में की गई एक कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से 20.859 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया. पुलिस ने मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई की.

* अपराधों के पर्दाफाश से लेकर बाढ़ में रेस्क्यू तक उल्लेखनीय काम
जुलाई माह में अमरावती ग्रामीण पुलिस बल के विभिन्न पुलिस थानों और शाखाओं में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं. इनमें गंभीर अपराधों की जांच और पर्दाफाश, संपत्ति संबंधी अपराधों का खुलासा, समन एवं वारंट की तामील, मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई तथा अवैध गांजा बिक्री पर छापेमारी शामिल है. पुलिस टीमों ने चोरी के मामलों का पर्दाफाश कर चोरी का माल बरामद किया. लापता लड़कियों को तलाश कर उनके परिवारों के सुपुर्द किया गया. महिलाओं के खिलाफ अपराधों में तेजी से जांच पूरी कर न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किए गए. साथ ही उउढछड में अपराधों से संबंधित आवश्यक जानकारी समय पर दर्ज की गई. गंभीर हत्या और डकैती जैसे मामलों में आरोपियों की पहचान कर अपराधों का पर्दाफाश किया गया. प्रभावी पुलिस पैरवी के चलते गंभीर अपराधों के आरोपियों को न्यायालय से उम्रकैद जैसी सजा भी दिलाई गई. इसके अलावा बाढ़ की स्थिति में रेस्क्यू टीमों ने अपनी जान की परवाह किए बिना प्रभावित नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनकी जान बचाई. पुलिस के इन कार्यों की भी सराहना की गई.

* एसपी और एएसपी ने किया सम्मानित
अमरावती ग्रामीण पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा जुलाई महीने में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड ने क्राइम मीटिंग के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी. उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया. वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी पुलिसकर्मियों से भविष्य में भी इसी तरह कर्तव्यनिष्ठा, तत्परता और समर्पण के साथ कार्य करते हुए अपराध नियंत्रण एवं नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की.

Back to top button