अमरावती में अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा कसने की तैयारी
एमपीडीए के तहत 6 से 7 कुख्यातों पर होगी कार्रवाई

अमरावती/दि.29 – शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से अमरावती शहर पुलिस ने संगठित अपराधियों और आदतन बदमाशों के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू कर दिया है. पुलिस आयुक्त के निर्देश पर शहर के सभी 10 पुलिस थाना क्षेत्रों में ऐसे अपराधियों की पहचान की जा रही है, जिनके खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और जो लगातार शहर की शांति एवं सुरक्षा के लिए खतरा बने हुए हैं.
सूत्रों के अनुसार, पहले चरण में 6 से 7 आदतन आरोपियों के खिलाफ एमपीडीए के तहत प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं. प्रस्ताव मंजूर होने के बाद इन आरोपियों को एक वर्ष तक जेल भेजा जा सकता है, जिससे शहर में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके. पुलिस विभाग केवल एमपीडीए तक ही सीमित नहीं है, बल्कि तड़ीपार किए जाने वाले अपराधियों की सूची भी तैयार की जा रही है. ऐसे बदमाश जो पहले से तड़ीपार होने के बावजूद शहर में प्रवेश कर अपराध कर रहे हैं या लगातार मारपीट, झगड़े, धमकी, खंडणी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाए जा रहे हैं, उन्हें भी पुलिस ने रडार पर लिया है.
जानकारी के अनुसार, पुलिस की विशेष टीम पिछले कई दिनों से प्रत्येक आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड, लंबित मामलों, गिरफ्तारी के इतिहास, जमानत के बाद की गतिविधियों और स्थानीय स्तर पर उसके प्रभाव का गहन अध्ययन कर रही है. इसी आधार पर एमपीडीए और तड़ीपार की कार्रवाई के प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं. पुलिस का मानना है कि शहर में भय और अशांति का माहौल पैदा करने वाले तथा आम नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बनने वाले अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आवश्यक है. इसलिए आने वाले दिनों में कई और आदतन अपराधियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की संभावना है. सूत्रों का कहना है कि पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में शहर को अपराधमुक्त बनाने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ बिना किसी ढिलाई के कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.





