3 जुलाई से होनेवाली अमरनाथ यात्रा की तैयारी जारी

28 अगस्त को पूर्ण होगी यात्रा, 3.6 लाख रजिस्ट्रेशन

* यात्रा मार्ग पर 12 फीट तक बर्फ
श्रीनगर /दि.21– अमरनाथ यात्रा के लिए अब तक 3.6 लाख से ज्यादा तीर्थयात्री रजिस्ट्रेशन करवा चुके है. 5 से 30 लोगों के समूह में यात्रा करनेवाले श्रद्धालुओं के रजिस्ट्रेशन बुधवार को बंद हो गए है. इससे कम लोगों के समूह या अकेले जानेवाले श्रद्धालुओं के रजिस्ट्रेशन यात्रा के आखिरी हफ्ते तक जारी रहेंगे, बशर्ते स्लॉट खाली हो.
कश्मीर में पवित्र गुफा मंदिर की 57 दिन लंबी तीर्थयात्रा 3 जुलाई को दोनों रास्तों-गांदरबल जिले में बालटाल-सोनमर्ग और अनंतनाग जिले में पारंपरिक नूनवान-पहलगाम रास्ते से शुरु होगी. यात्रा 18 अगस्त को रक्षाबंधन पर पूर्ण होगी. हालांकि अभी तक यात्रा मार्ग पर कई जगह 12 फीट तक बर्फ जमा है. सूत्रों के मुताबिक, सामान्य जगहों पर 6 से 8 फीट तक बर्फ जमा है, जबकि हिमस्खलन की आशंका वाले इलाकों में 10 से 12 फीट तक है. बालटाल वाले रास्ते पर 9 किमी और नूनवान-पहलगाम वाले रास्ते पर 8 किमी का बर्फ से ढका ट्रैक साफ कर दिया गया है. 15 जून तक दोनों ट्रैक साफ कर दिए जाएंगे. अधिकारियों के मुताबिक इस साल रजिस्ट्रेशन की संख्या 5 लाख से ज्यादा पहुंच सकती है. 2025 में 4.14 लाख तीर्थयात्रियों ने गुफा में दर्शन किए थे. 2024 में यह आंकडा 5.10 लाख से अधिक था.

* इस बार… बाढ वाली जगह पर नहीं लगेंगे कैम्प
– इस सभी संवेदनशील हिस्सों और आपदा की आशंकावाले स्थानों को तीर्थयात्रियों के लिए ‘नो-एंट्री जोन’ घोषित किया गया है.
– बालटाल और नूनवान रास्तों के दोनों ट्रैक को चौडा किया गया है. पुलों को भी बेहतर बनाया गया है.
– बादल फटने और अचानक बाढ की घटनाओं को देखते हुए संवेदनशील जगहों पर कैम्प नहीं लगाए जाएंगे.

* प्री-फैब्रिकेटेड स्ट्रक्चर में आम श्रद्धालु भी ठहर सकेंगे
इस बार बेस कैंप में टेंट की जगह प्री-फैब्रिकेटेड और फाइबर स्ट्रक्चर बनाए जा रहे है. इससे श्रद्धालुओं को आरामदायक और आधुनिक आवास जैसी सुविधा मिल सकेंगी. यह स्ट्रक्चर तापमान में अचानक गिरावट और बारिश से निपटने में कारगर रहेंगे. हर इमारत में 48 कमरे है. हर कमरे में अटैच बाथरुम है. गर्म-ठंडे पानी की सुविधाएं होगी. हर इमारत में पैंट्री भी बनाई जा रही है. इन जगहों पर तीन साल पहले काम शुरु हुआ था, जो अब पूरा होनेवाला है.

Back to top button