नागपुर में पकडा गया देहव्यापार का अड्डा

यशोधरानगर पुलिस की संगम नगर में कार्रवाई

* तीन युवतियों को मुक्त कराया, संचालक गिरफ्तार
नागपुर/दि.28 – यशोधरानगर पुलिस ने संगम नगर क्षेत्र में कथित रूप से चल रहे देहव्यापार के अड्डे पर कार्रवाई करते हुए तीन युवतियों को मुक्त कराया. पुलिस ने देहव्यापार के लिए मकान उपलब्ध कराने के आरोप में प्रविण शालीकराम बिलसे (30, पवननगर, यशोधरानगर) को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नकदी, दोपहिया वाहन, मोबाइल सहित करीब 1 लाख 18 हजार 800 रुपए का माल जब्त किया.
पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त 2026 को शाम 5.25 से 7.35 बजे के बीच संगम नगर स्थित संजीवनी क्वार्टर क्रमांक 34/1, वनदेवी चौक, होटल अल रहमान के सामने वाली गली में यह कार्रवाई की गई. पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त मकान में बाहर से युवतियों को पैसों का लालच देकर बुलाया जाता है और उनसे देहव्यापार कराया जाता है. सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने बोगस ग्राहक के माध्यम से जाल बिछाया. जब सूचना की पुष्टि हो गई, तब पंचों और पुलिस दल ने संबंधित मकान पर छापा मारा. छापे के दौरान पुलिस को आरोपी के मकान में तीन युवतियां मिलीं. पुलिस के मुताबिक, आरोपी द्वारा अपने घर में इन युवतियों से देहव्यापार कराया जा रहा था. इसके बाद तीनों युवतियों को वहां से मुक्त कराया गया.
कार्रवाई में बोगस ग्राहक द्वारा दिए गए 2 हजार रुपए, आरोपी के पास से मिले 6 हजार 750 रुपए नकद, एमएच-49/सीजे-6082 क्रमांक की सुजुकी बर्गमैन स्ट्रीट मोपेड, विवो कंपनी का मोबाइल फोन तथा जियो कंपनी का सिमकार्ड जब्त किया गया. पुलिस ने जब्त माल की कुल कीमत 1 लाख 18 हजार 800 रुपए बताई है. इस मामले में यशोधरानगर पुलिस थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कथित अड्डे के संचालन में आरोपी के अलावा अन्य लोगों की कोई भूमिका थी या नहीं.

Back to top button