पवन नगर में मारे छापे में देह व्यापार का भंडाफोड़

दो महिलाएं मिलीं, एक महिला पर मामला दर्ज

* भरोसा सेल और दामिनी पथक की संयुक्त कार्रवाई
अमरावती/दि.20 – शहर में अनैतिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे पुलिस अभियान के तहत राजापेठ थाना क्षेत्र के पवन नगर-1 में एक मकान पर छापेमारी कर देह व्यापार का मामला उजागर किया गया. कार्रवाई के दौरान मौके से दो महिलाएं मिलीं. पुलिस ने करीब 1 हजार रुपए का आपत्तिजनक सामान जब्त किया है. मामले में एक महिला के खिलाफ अनैतिक मानव तस्करी प्रतिबंधक कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है.
जानकारी के मुताबिक भरोसा सेल को गुप्त सूचना मिली थी कि पवन नगर-1 स्थित एक मकान में एक महिला अपने आर्थिक लाभ के लिए अन्य महिलाओं को उपलब्ध कराकर देह व्यापार करवा रही है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए अनैतिक मानव तस्करी कक्ष की पुलिस निरीक्षक ज्योती विल्लेकर ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में दल को कार्रवाई के निर्देश दिए. इसके बाद पुलिस दल ने संबंधित मकान की जानकारी जुटाकर वहां छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान एक महिला द्वारा आर्थिक लाभ के लिए अन्य महिलाओं को उपलब्ध कराकर देह व्यापार करवाए जाने की बात सामने आई. मौके पर दो महिलाएं मिलीं. पुलिस ने परिसर की तलाशी लेकर करीब 1 हजार रुपए का माल जब्त किया. इसके बाद संबंधित महिला के खिलाफ अनैतिक मानव तस्करी प्रतिबंधक कानून के तहत मामला दर्ज करने की कार्रवाई शुरू की गई. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गतिविधि में अन्य लोग तो शामिल नहीं हैं.

* भरोसा सेल और दामिनी पथक की कार्रवाई
कार्रवाई में भरोसा सेल की पुलिस निरीक्षक ज्योती विल्लेकर के साथ दामिनी पथक के पुलिस हवलदार राजेश यादव, भाग्यश्री पवार, पल्लवी कोलकार तथा पुलिस कर्मचारी मनोज बोकाडे और देवानंद बागडे शामिल रहे. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, डीसीपी यशवंत सोलंके, डीसीपी श्याम घुगे और डीसीपी प्रांजली सोनवणे के मार्गदर्शन में की गई.

* महिलाओं और बच्चों से तुरंत संपर्क करने की अपील
शहर पुलिस ने महिलाओं, छात्राओं और बच्चों से किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर चुप न रहने और तत्काल पुलिस से संपर्क करने की अपील की है. पुलिस के अनुसार छेड़छाड़, पीछा करने, परेशान करने या अन्य किसी समस्या की स्थिति में नागरिक 112, 1091 और 1098 हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं. पुलिस ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और शहर में अनैतिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.

Back to top button