1 हजार रुपए की रिश्वत लेते कार्यकारी अभियंता गिरफ्तार

सोलर पैनल के मीटर रिलीज ऑर्डर के लिए मांगी थी रिश्वत

* एसीबी ने रंगेहाथ पकड़ा
धामणगांव रेलवे/दि.20- सोलर पैनल के काम का मीटर रिलीज ऑर्डर जारी करने के बदले 1 हजार रुपए की रिश्वत मांगने वाले महावितरण के कार्यकारी अभियंता वर्ग-2 को एसीबी ने बुधवार, 19 अगस्त को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया. आरोपी का नाम राहुल नीलकंठ उमरे (49) है. वह धामणगांव रेलवे स्थित महावितरण कार्यालय में कार्यरत है.
शिकायतकर्ता सोलर पैनल लगाने का काम करता है. उसे 8 मई को एक ग्राहक के यहां सोलर पैनल लगाने का ठेका मिला था. संबंधित काम की ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी, लेकिन मीटर का रिलीज ऑर्डर जारी नहीं हुआ था. रिलीज ऑर्डर के संबंध में जानकारी लेने के लिए शिकायतकर्ता 17 अगस्त को धामणगांव रेलवे स्थित महावितरण कार्यालय पहुंचा. वहां उसे पता चला कि रिलीज ऑर्डर से संबंधित काम कार्यकारी अभियंता राहुल उमरे के पास है. शिकायतकर्ता ने उनसे मुलाकात कर ऑर्डर के बारे में जानकारी मांगी. आरोप है कि इसी दौरान उमरे ने रिलीज ऑर्डर जारी करने के लिए 1 हजार रुपए रिश्वत की मांग की. रिश्वत की मांग किए जाने के बाद शिकायतकर्ता ने इसकी जानकारी एसीबी को दी. शिकायत प्राप्त होने के बाद एसीबी ने मामले की जांच शुरू की. इसके बाद 19 अगस्त को एसीबी ने रिश्वत लेने के दौरान आरोपी अधिकारी को रंगेहाथ पकड़ लिया.
एसीबी के मुताबिक राहुल उमरे ने शिकायतकर्ता से 1 हजार रुपए स्वीकार किए और रिश्वत लेते ही दल ने उसे दबोच लिया. आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ धामणगांव रेलवे पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है. यह कार्रवाई पुलिस निरीक्षक योगिता ठाकरे के नेतृत्व में की गई. पर्यवेक्षण अधिकारी के रूप में पुलिस उपअधीक्षक राजेश राठोड़ ने निगरानी की. कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक निलीमा सातव, पुलिस निरीक्षक सुजाता बनसोड, सुधीर चर्जन, प्रमोद रायपुरे, उपेंद्र थोरात और सचिन अठर शामिल रहे.

Back to top button