लंबित विकास कार्यों को तत्काल पूरा करने पर जोर
गुणवत्ता और समयबद्ध नियोजन के मनपा आयुक्त के निर्देश

अमरावती/दि.20 – अमरावती मनपा आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले ने मंगलवार को मनपा के बांधकाम विभाग की विस्तृत समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने शहर में प्रस्तावित विकास कार्यों के अनुमानपत्र के साथ आवश्यक जानकारी और दस्तावेज अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए.
आयुक्त ने कहा कि विकास कार्यों का अनुमानपत्र तैयार करते समय केवल लागत और तकनीकी जानकारी दर्ज करना पर्याप्त नहीं है. इसमें कार्य की आवश्यकता, वर्तमान स्थिति और वास्तविक स्थल की जानकारी भी स्पष्ट रूप से शामिल की जाए. इससे प्रस्तावित कार्य की उपयोगिता और आवश्यकता के आधार पर प्रशासन को उचित निर्णय लेने में सुविधा होगी. प्रत्येक प्रस्तावित विकास कार्य के अनुमानपत्र में कार्य का नाम और उसे प्रस्तावित करने का कारण स्पष्ट रूप से दर्ज किया जाए. संबंधित स्थल का निरीक्षण कब किया गया, इसकी तारीख और समय भी उल्लेखित किया जाए. साथ ही स्थल निरीक्षण के बाद वर्तमान स्थिति दर्शाने वाले जीपीएस फोटोग्राफ्स अनुमानपत्र के साथ संलग्न करना अनिवार्य होगा.
* पहले हुए कार्यों की जानकारी भी जरूरी
जिस स्थान पर नया कार्य प्रस्तावित किया जा रहा है, वहां पहले कोई काम हुआ था या नहीं, इसकी जानकारी लेना आवश्यक है. यदि पहले काम किया गया है तो वह लगभग किस वर्ष हुआ था, इसका उल्लेख भी अनुमानपत्र में किया जाए. इससे एक ही स्थान पर बार-बार कार्य प्रस्तावित होने की संभावना कम होगी और सार्वजनिक निधि का उचित उपयोग सुनिश्चित किया जा सकेगा.
* काम पूरा होने के बाद सूचना फलक अनिवार्य
मनपा के माध्यम से पूर्ण किए जाने वाले प्रत्येक विकास कार्य के स्थल पर नियमानुसार सूचना फलक लगाया जाए. इसमें दोष दायित्व अवधि, ठेकेदार का नाम, मोबाइल नंबर, कार्य की लागत और कार्य अवधि सहित आवश्यक जानकारी दर्ज हो. इससे नागरिकों को विकास कार्य से संबंधित जानकारी पारदर्शी तरीके से उपलब्ध हो सकेगी.
* लंबित कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश
समीक्षा बैठक में आयुक्त ने बांधकाम विभाग के माध्यम से चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की स्थिति की जानकारी ली. लंबित कार्यों के कारणों की समीक्षा कर आवश्यक उपाय करने और नागरिकों के दैनिक जीवन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए.
* प्रस्ताव तैयार करने से पहले हो संपूर्ण नियोजन
डॉ. गोंदावले ने कहा कि प्रत्येक विकास कार्य का प्रस्ताव तैयार करते समय कार्य का नाम, प्रस्ताव का कारण, स्थल निरीक्षण की तारीख व समय, जीपीएस फोटोग्राफ्स, कार्य का प्रकार, पहले हुए कार्य का अनुमानित वर्ष, अनुमानपत्र में शामिल आवश्यक मदों और काम पूरा होने के बाद सूचना फलक लगाने की व्यवस्था की जांच विभाग प्रमुखों द्वारा की जाए. बैठक में अतिरिक्त आयुक्त महेश देशमुख, उपायुक्त नरेंद्र वानखड़े, शहर अभियंता श्रीधर कांबले, कार्यकारी अभियंता सुहास चव्हाण सहित उपअभियंता, अभियंता और बांधकाम विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे. आयुक्त के निर्देशों से महानगरपालिका के आगामी विकास कार्यों में अधिक पारदर्शिता, तकनीकी सटीकता और जवाबदेही आने की उम्मीद है.





