पिंपलगाव निपाणी की जिप स्कूल में सात कक्षाओं के लिए सिर्फ तीन शिक्षक

कम से कम तीन अतिरिक्त शिक्षकों की मांग

* एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
नांदगांव खंडेश्वर/दि.20– नांदगांव खंडेश्वर तहसील के पिंपलगाव निपाणी स्थित जिला परिषद पूर्व माध्यमिक मराठी विद्यालय में कक्षा पहली से सातवीं तक कुल सात कक्षाएं संचालित हैं, लेकिन इन सभी कक्षाओं के लिए वर्तमान में मुख्याध्यापक सहित केवल तीन शिक्षक कार्यरत हैं. शिक्षकों की इस कमी से विद्यार्थियों की शिक्षा प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है. विद्यालय में तत्काल तीन अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति की जाए, ऐसी मांग ग्राम पंचायत सदस्य संदेश ढोके ने जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को दिए ज्ञापन के माध्यम से की है.

* सेवानिवृत्ति के बाद पद अब तक रिक्त
ज्ञापन के अनुसार, विद्यालय में पहले चार शिक्षक कार्यरत थे. इनमें शिक्षक लळे सर 30 जुलाई 2026 को सेवानिवृत्त हो गए. उनके सेवानिवृत्त होने के बाद रिक्त हुए पद पर अब तक किसी वैकल्पिक शिक्षक की नियुक्ति नहीं की गई है. वर्तमान में मुख्याध्यापक ज्योति गावनेर सहित केवल तीन शिक्षक कार्यरत हैं. मुख्याध्यापक को प्रशासनिक कामकाज, बैठकों, विभिन्न रिपोर्ट तैयार करने तथा अन्य शासकीय जिम्मेदारियां भी निभानी पड़ती हैं. ऐसे में प्रत्यक्ष अध्यापन की जिम्मेदारी कई बार केवल दो शिक्षकों पर आ जाती है. सात कक्षाओं के लिए दो शिक्षकों पर अध्यापन का बोझ होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका व्यक्त की गई है.

* नियमित पढ़ाई और पाठ्यक्रम पूरा करने में बाधा
ज्ञापन में कहा गया है कि सात कक्षाओं के लिए पर्याप्त शिक्षक नहीं होने से नियमित अध्यापन, समय पर पाठ्यक्रम पूरा करने और प्रत्येक विद्यार्थी पर व्यक्तिगत ध्यान देने में कठिनाइयां उत्पन्न हो रही हैं. ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों की शिक्षा पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है. विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक में भी शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठाकर अतिरिक्त शिक्षक उपलब्ध कराने की मांग की गई थी. हालांकि, अब तक इस संबंध में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, ऐसा ग्राम पंचायत सदस्य संदेश ढोके ने कहा है.

* तीन अतिरिक्त शिक्षकों की मांग
ज्ञापन के माध्यम से तत्काल तीन अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति करने, सेवानिवृत्त शिक्षक के रिक्त पद पर वैकल्पिक शिक्षक उपलब्ध कराने तथा स्थायी नियुक्ति होने तक अस्थायी शिक्षक व्यवस्था करने की मांग की गई है. ग्राम पंचायत सदस्य संदेश ढोके ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों की शिक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. एक सप्ताह के भीतर मामले की गंभीरता से दखल लेकर आवश्यक शिक्षक उपलब्ध नहीं कराए गए तो तीव्र आंदोलन किया जाएगा, ऐसा इशारा उन्होंने दिया है.

Back to top button