इर्विन अस्पताल की अव्यवस्था पर उठे सवाल
क्या ‘हॉस्पिटल मैनेजमेंट’ जिम्मेदार?

अमरावती /दि.20- जिला सामान्य अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्था, गंदगी और मरीज सेवाओं में आ रही बाधाओं को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. हाल ही में जांच समिति के दौरे के बाद अस्पताल प्रशासन में पत्राचार और जवाबदेही की प्रक्रिया तेज हो गई है. इस बीच अस्पताल के हॉस्पिटल मैनेजमेंट पद की भूमिका को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
सूत्रों के अनुसार अस्पताल में कर्मचारियों के कार्य नियंत्रण, प्रशासनिक समन्वय और व्यवस्थापन को सुचारू रखने के लिए हॉस्पिटल मैनेजमेंट का विशेष पद बनाया गया था. हालांकि आरोप लगाए जा रहे हैं कि इस पद का वास्तविक उद्देश्य पूरा नहीं हो रहा और अस्पताल की व्यवस्थाओं पर अपेक्षित नियंत्रण नहीं दिख रहा है.
* जांच समिति की फटकार के बाद कार्रवाई
बताया जा रहा है कि जांच समिति ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर सीएस से नाराजगी व्यक्त की थी. इसके बाद प्रशासन द्वारा संबंधित हॉस्पिटल मैनेजमेंट अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने की चर्चा है.
* अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप
कुछ कर्मचारियों और नागरिकों का आरोप है कि अस्पताल में स्वच्छता, स्टाफ प्रबंधन और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं में लगातार गिरावट आ रही है. यह भी आरोप लगाया जा रहा है कि संबंधित अधिकारी अस्पताल प्रशासन में पर्याप्त समय नहीं देते, जिससे व्यवस्थाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है. हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही संबंधित अधिकारी की ओर से कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने आई है.
* जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप की मांग
मामले को लेकर नागरिकों ने जिले के पालकमंत्री, सांसद और विधायकों से हस्तक्षेप की मांग की है. उनका कहना है कि अस्पताल की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए तथा योग्य अधिकारियों की नियुक्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए. इस संबंध में जिला अस्पताल के आरएमओ डॉ. प्रमोद नरवणे ने कहा कि हॉस्पिटल मैनेजमेंट का पद एनएमएम के अंतर्गत आता है और इस पद पर किसकी नियुक्ति की गई है, इसकी जानकारी केवल सीएस ही दे सकते हैं. फिलहाल अस्पताल प्रशासन की ओर से मामले की जांच और जवाबदेही की प्रक्रिया जारी है. ऐसे में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जांच के बाद क्या निष्कर्ष सामने आते हैं और अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए कौन से कदम उठाए जाते हैं.