हादसों का ‘ब्लैक स्पॉट’ बनता जा रहा राजापेठ उड़ान पुल, 48 घंटे में फिर भीषण दुर्घटना
तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराई, चालक गंभीर

* रविनगर निवासी निखिल बोरकर के तौर पर हुई घायल की पहचान
* उडानपुल पर ढाई ओर मुडते समय ब्रेक की बजाए एक्सीलेटर दबा दिया था
* तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर उडानपुल से जा टकराई, कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त
* घायल निखिल बोरकर को इर्विन अस्पताल में कराया गया भर्ती, इलाज जारी
* लगातार हो रही बारिश, फिसलन और तेज रफ्तार बन रही जानलेवा
* हाल ही में कई हादसों ने बढ़ाई चिंता, सुरक्षा उपायों पर उठे सवाल
अमरावती /दि.1- अमरावती के राजापेठ उड़ान पुल पर शनिवार तड़के एक बार फिर सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें एक इर्टिगा कार अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर की सुरक्षा दीवार से जा टकराई. दुर्घटना में चालक घायल हो गया, जबकि वाहन को काफी नुकसान पहुंचा. राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी अन्य वाहन या व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं हुआ.
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, निखिल अशोकराव बोरकर (32, रविनगर) शहर में ही रहनेवाले निजी चिकित्सक डॉ. हर्षल शियालेकर के यहां चालक के रूप में कार्यरत हैं. शनिवार 1 अगस्त की रात लगभग 12.30 बजे निखिल बोरकर इर्टिगा कार क्रमांक एमएच-12/एमएल-0662 लेकर कंवर नगर क्षेत्र से राजापेठ की ओर आ रहे थे. बताया गया कि राजापेठ उड़ान पुल पर पहुंचने के बाद वाहन चालक दाहिनी ओर मोड़ ले रहा था. इसी दौरान ब्रेक लगाने के बजाय अनजाने में उसका पैर एक्सीलेटर पर पड़ गया, जिससे वाहन की गति अचानक बढ़ गई और चालक नियंत्रण खो बैठा. देखते ही देखते कार फ्लाईओवर की किनारे स्थित सुरक्षा दीवार से जा टकराई. यह टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही राजापेठ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया.
दुर्घटना में चालक निखिल बोरकर के बाएं पैर में अंदरूनी चोट आई है. उन्हें तत्काल उपचार के लिए इर्विन अस्पताल, अमरावती में भर्ती कराया गया, जहां वार्ड क्रमांक 30 में उनका उपचार जारी है. चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है. पुलिस के अनुसार दुर्घटना में केवल संबंधित वाहन ही क्षतिग्रस्त हुआ है. किसी अन्य वाहन, राहगीर या सार्वजनिक संपत्ति को अतिरिक्त नुकसान नहीं पहुंचा. चालक अथवा अन्य किसी पक्ष की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त इर्टिगा कार को राजापेठ पुलिस थाने लाकर सुरक्षित रखा गया है. प्राथमिक जांच में यह एक आकस्मिक दुर्घटना प्रतीत हो रही है. पुलिस ने घटना की नोंद लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की है.
* बार-बार हो रहे हादसों से बढ़ी चिंता
राजापेठ उड़ान पुल पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने नागरिकों और प्रशासन दोनों की चिंता बढ़ा दी है. हाल के दिनों में इसी पुल पर कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं, अभी तीन चार दिन पूर्व इसी उडानपूल पर हुए भीषण सडक हादसे में एक महिला व एक युवती की मौत हुई थी. जिसके चलते पूरे शहर में अच्छा खासा रोष व हडकंप व्याप्त हो गया था. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पुल पर रात के समय कई वाहन चालक अत्यधिक गति से वाहन चलाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है. लगातार बारिश के कारण पुल की सतह फिसलन भरी हो गई है. इसके अलावा कई स्थानों पर जलभराव और दृश्यता कम होने से भी वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ऐसे में तेज रफ्तार वाहन हादसों को न्योता दे रहे हैं.
* बारिश के बीच बढ़ा जोखिम
उल्लेखनीय है कि अमरावती में पिछले 24 घंटों के दौरान रिकॉर्ड 111 मिमी वर्षा दर्ज की गई है. भारी बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव, अंडरपास में पानी भरने और यातायात बाधित होने जैसी स्थितियां उत्पन्न हुई हैं. राजापेठ अंडरपास में भी करीब दो फीट पानी भर जाने से वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं. ऐसे मौसम में वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है.
* सुरक्षा उपायों की मांग तेज
लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बाद नागरिकों ने राजापेठ उड़ान पुल पर अतिरिक्त सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि पुल पर गति नियंत्रण के लिए स्पीड कैमरे, रिफ्लेक्टर, चेतावनी संकेतक तथा नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जानी चाहिए. साथ ही बारिश के दौरान फिसलन रोकने और जलनिकासी व्यवस्था को भी बेहतर बनाने की जरूरत है.
* पुलिस वाहन चालकों के नाम जारी की अपील
पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से बारिश के मौसम में सावधानीपूर्वक वाहन चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा पुल और घुमावदार मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है. अधिकारियों का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है. शहर में लगातार हो रही बारिश और राजापेठ उड़ान पुल पर बार-बार सामने आ रहे हादसे यह संकेत दे रहे हैं कि यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई तो भविष्य में और भी गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं. फिलहाल घायल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.





