मध्य प्रदेश बॉर्डर से महाराष्ट्र में रेत तस्करी का खुलासा

दो डंपर जब्त, 40.80 लाख का माल जब्त

अमरावती/दि.14 – महाराष्ट्र-मध्य प्रदेश सीमा पर अवैध रेत तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है. शेंदुरजनाघाट पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश से महाराष्ट्र लाई जा रही अवैध रेत से भरे दो डंपर जब्त किए हैं. दोनों मामलों में रेत और वाहनों सहित करीब 40.80 लाख रुपये का माल जब्त किया गया है.
जानकारी के मुताबिक 12 जुलाई की सुबह करीब 7 से 8.30 बजे के बीच वरुड तहसील के महेंद्री बस स्टॉप के पास गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि सीमा क्षेत्र से अवैध रेत की खेप महाराष्ट्र लाई जा रही है. सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दो संदिग्ध डंपरों को रोका. पहली कार्रवाई में डंपर से पांच ब्रास अवैध रेत बरामद की गई. इस मामले में चालक अनिकेत रविंद्र डोंगे (26), विजय महेश कोसे (26) तथा डंपर मालिक हरीश गोहड़ (45) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. दूसरी कार्रवाई में भी एक डंपर से पांच ब्रास अवैध रेत जब्त की गई. पुलिस ने 20 लाख रुपये मूल्य का डंपर और 40 हजार रुपये की रेत जब्त की. इस मामले में सुरेश भगवंतराव युवनाटे (50), अक्षय दिवाकर धुर्वे (21) तथा डंपर मालिक शकील शाह के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है.
पुलिस जांच में सामने आया है कि शेंदुरजनाघाट क्षेत्र मध्य प्रदेश सीमा से सटा होने के कारण रेत तस्करों का प्रमुख कॉरिडोर बन गया है. आरोप है कि मध्य प्रदेश की तापी सहित अन्य नदियों से रात के समय अवैध रूप से रेत निकालकर महाराष्ट्र में ऊंचे दामों पर बेची जाती है. गौरतलब है कि पिछले सप्ताह भी शेंदुरजनाघाट पुलिस ने इसी क्षेत्र से अवैध रेत से भरा एक डंपर जब्त किया था. लगातार हो रही कार्रवाइयों से सीमा क्षेत्र में सक्रिय रेत माफिया पर पुलिस की निगरानी और सख्त होती नजर आ रही है.

Back to top button