दर्यापुर लोक निर्माण विभाग के वृक्षारोपण में ‘घोटाला’!
कागजों पर ही लगाये 5 हजार पौंधे

* सांसद डॉ. अनिल बोंडे ने की बिल रोकने व संपूर्ण जांच की मांग
अमरावती/दि.11-दर्यापुर सार्वजनिक लोकनिर्माण विभाग अंतर्गत रास्ते विकास के साथ वृक्षारोपण के नाम पर लाखों रूपये की निधि हडपने का ‘महाघोटाला’सामने आया है. दर्यापुर- आमला – ऋणमोचन और वलगांव -दर्यापुर मार्ग पर ठेकेदार ने प्रत्यक्ष रूप में पौंधे न लगाकर केवल कागजों पर ही वृक्षारोपण दिखाने की जानकारी सामने आयी है.
लोकनिर्माण विभाग के सामने आई एक रिपोर्ट के अनुसार एडीबी प्रकल्प अंतर्गत लगाए गए 5 हजार 590 पौंधों में से 4 हजार 25 पौंधे मृत दिखाये गए. और कागज पर वृक्षारोपण दिखाकर निधि हडपने का प्रयास किया गया.
सांसद डॉ. अनिल बोंडे आक्रमक, बिल रोकने के दिए निर्देश
वृक्षारोपण के नाम पर हुए इस महाघोटाले की दखल लेते हुए राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल बोंंडे ने जिलाधिकारी आशिष येरेकर को पत्र लिखा. पत्र में उन्होंने वृक्षारोपण के नाम पर घोटाला करने वाले ठेकेदार के सभी बिल तत्काल रोकने के निर्देश दिए. और केवल दर्यापुर उपविभाग ही नहीं बल्कि अमरावती जिले के अन्य सभी रास्तों पर किए गए वृक्षारोपण की निष्पक्ष जांच किए जाने की भी मांग जिलाधिकारी से की.
वृक्षारोपण के नाम पर करोडो का घोटाला
दर्यापुर-आमला- ऋणमोचन -आसरा(दूरी 17.50 किमी.) इस रास्ते पर 3,250 पौंंधे लगाने का दावा ठेकेदार ने किया था. लेकिन 2 हजार 835 पौंधे मृत दिखाए गए. केवल 415 पौंधे जीवित रहने रिपोर्ट में दर्ज है. ऐसी ही अवस्था वलगांव-दर्यापुर- अकोट रास्ते की है. यहां 2 हजार 400 में से 1,190 पौंधे मृत दिखाए गए. प्रत्यक्ष रूप में एक भी पौंधा नहीं लगाया गया. केवल कागजों पर ही पौंधे दिखाकर निधि हडप ली गई, ऐसा संदेह निर्माण हुआ है.
ऐसा कुछ भी नहीं हुआ
संबंधित दर्यापुर-आसरा मार्ग पर लगाए गए पौंधो का विषय 5 वर्ष पूर्व का है. ठेकेदार ने यहां पौंधे लगाए थे. उसमें से कुछ पौंधे जीवित रहे तो कुछ मुरझा गए. संबंधित ठेकेदार ने वह पौंधे पून: लगाए जाने की बात कहीं है. फिलहाल बारिश शुरू होने की वजह से पौंधे लगाने का काम नहीं शुरू किया गया है.
देवेंद्र अडचुले, कार्यकारी अभियंता,लोकनिर्माण विभाग





