‘नारी न्याय’ अभियान के तहत हस्ताक्षर, पोस्टकार्ड और मिस्ड कॉल अभियान का शुभारंभ

कांग्रेस की महिला पदाधिकारी व शहर कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष बबलू शेखावत, पूर्व महापौर मिलिंद चिमोटे रहे उपस्थित

प्रतिनिधि/दि.30– महिलाओं को संविधान प्रदत्त अधिकार, समान अवसर और सामाजिक न्याय प्रभावी रूप से मिले तथा ‘नारीशक्ति वंदन अधिनियम-2023’ को तत्काल पूर्ण रूप से लागू करने की मांग को लेकर महाराष्ट्र प्रदेश महिला कांग्रेस के निर्देशानुसार राज्यभर में हस्ताक्षर, पोस्टकार्ड और मिस्ड कॉल अभियान चलाया जा रहा है.
इसी क्रम में अमरावती शहर महिला कांग्रेस एवं अमरावती ग्रामीण महिला कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को कांग्रेस भवन (नई इमारत), अमरावती में अभियान का शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम में महाराष्ट्र प्रदेश महिला कांग्रेस की पर्यवेक्षक स्मिता गोरे (पुणे) ने मार्गदर्शन किया. इस अवसर पर शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष जयश्री वानखड़े, ग्रामीण महिला कांग्रेस अध्यक्ष कांचनमाला गावंडे, नगरसेविका डॉ. अर्चना आत्राम तथा ब्लॉक अध्यक्ष किरण चांदवडकर प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं. अभियान में मैथिली पाटील, शालिनी शिरीष रेंगे, संगीता प्रशांत तायडे, जयश्री विश्वनाथ मेरापे, मालती मोहोड, मंजुषा ठाकरे, सीमा मानकर, मंगला गवली, नीता मोहोड, निर्मला पुलबटकर, कीर्ति राऊत, संगीता मोहोल, मीनाक्षी तायडे, शीतल ब्राह्मणकर, श्रद्धा काले और शिल्पा महल्ले सहित शहर एवं ग्रामीण महिला कांग्रेस की पदाधिकारी, नगरसेविकाएं, ब्लॉक अध्यक्ष, प्रभाग अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया.
अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार का ध्यान महिलाओं से जुड़े लंबित मुद्दों की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया गया. साथ ही महिलाओं को राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक क्षेत्र में समान अवसर उपलब्ध कराने तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग की महिलाओं को भी न्यायसंगत प्रतिनिधित्व एवं आरक्षण देने की मांग को लेकर जनजागरण किया गया. हस्ताक्षर, पोस्टकार्ड और मिस्ड कॉल के माध्यम से नागरिकों का समर्थन प्राप्त कर लोकतांत्रिक तरीके से महिलाओं की न्यायोचित मांगों को मजबूत करने का यह प्रयास है. शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष जयश्री वानखड़े और ग्रामीण महिला कांग्रेस अध्यक्ष कांचनमाला गावंडे ने अमरावती की सभी महिला कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की. इस अवसर पर शहर जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष बबलू शेखावत, पूर्व महापौर मिलिंद चिमोटे, प्रदेश उपाध्यक्ष भैया पवार समेत अन्य लोग उपस्थित थे.

Back to top button