ढाई साल में अटल सेतु पर 12 लोगों ने की आत्महत्या

सुरक्षा के लिए गठित की जाएगी समिति

* कैबिनेट मंत्री उदय सामंत ने दी जानकारी
मुंबई /दि.30- अटलबिहारी वाजपेयी शिवडी-न्हावाशिवा अटल सेतु (मुंबई ट्रांस हार्बर लींक) पर पिछले ढाई सालों में आत्महत्या करने का प्रयास करने की 15 घटनाओं में से 12 लोगों की मौत हो गई. जबकि 3 लोगों को बचा लिया गया. यह आंकडे साल 2024 से अब तक के है. अटल सेतु पर सुरक्षा के मापदंड तय करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की अध्यक्षता में समिति गठित की जाएगी. इस समिति में संबंधित विभागों के वर्ग-1 के अधिकारियों को शामिल किया जाएगा. सोमवार को विधान परिषद में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री उदय सामंत ने यह जानकारी दी.
सोमवार को सदन में भाजपा विधायक उमा खापरे ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए अटल सेतु पर पुणे के 28 वर्षीय प्रतीक रायकर के आत्महत्या का मुद्दा उठाया था. इसके जवाब में मंत्री सामंत ने कहा कि, अटल सेतु पर मार्ग के दोनों ओर जाली लगाने का काम जल्द पूरा कर लिया जाएगा. उन्होंने बताया कि, साल 2024 में अटल सेतु पर आत्महत्या की कोशिश के 6 मामले सामने आए थे. जिसमें 4 की मौत हो गई. इन चारों में से दो मृतकों का शव भी नहीं मिल पाया. वहीं दो लोगों को बचा लिया गया.
साल 2025 में आत्महत्या का प्रयास करनेवाले 6 व्यक्तियों में से 5 की मौत हो गई. जबकि एक व्यक्ति को बचा लिया गया. वहीं साल 2026 में अभी तक आत्महत्या करने के प्रयास की तीन घटनाएं हुई. जिसमें दो लोगों का शव भी नहीं मिला.

* छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा लगाने की मांग
इस बीच भाजपा विधायक प्रमोद जठार ने शिवडी में एमएमआरडीए के पास उपलब्ध 150 एकड जमीन पर छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थापित किए जाने की मांग की. जठार ने कहा कि, सरकार ने अरब सागर में शिवाजी महाराज का स्मारक बनाने का संकल्प लिया था. लेकिन सरकार के मन में खेद होगा कि, यह परियोजना पूरी नहीं हो पाई है. इसके जवाब में मंत्री सामंत ने कहा कि, जठार की मांग को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को अवगत कराया जाएगा.

Back to top button