बडनेरा में नकली अल्ट्राटेक सीमेंट का भंडाफोड़, 3.43 लाख का माल जब्त

ब्रांड का लोगो लगाकर ग्राहकों को बेचा जा रहा था कथित फर्जी सीमेंट

* बडनेरा पुलिस ने किया मामला दर्ज
अमरावती/दि.22 – बडनेरा क्षेत्र में कथित रूप से नकली और मिलावटी सीमेंट बेचने के मामले का खुलासा हुआ है. शिकायत के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने 3.43 लाख से अधिक मूल्य का कथित नकली सीमेंट और अन्य सामग्री जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक आदित्य बिड़ला समूह से संबंधित अल्ट्राटेक सीमेंट की ओर से अधिकृत जांच एजेंसी को सूचना मिली थी कि बडनेरा के गवलीपुरा निवासी शेख यूसुफ शेख बब्बू (40) यह बडनेरा के अंजनगांव बारी के पास कथित रूप से अल्ट्राटेक ब्रांड के नाम पर नकली और मिलावटी सीमेंट का भंडारण कर उसे ग्राहकों को बेचा जा रहा है. सूचना के आधार पर 21 जुलाई को दोपहर करीब 3 बजे कंपनी के अधिकारी नितिन नारायण ठाकरे (48) ने संबंधित स्थान पर छापा मारा गया. जांच के दौरान कथित रूप से बड़ी मात्रा में सीमेंट के बैग मिले, जिनमें कुछ पर सुपर अल्ट्राटेक तथा नॉट फॉरसेल अंकित था. शिकायत में आरोप है कि एक्सपायरी अवधि के बाद भी इन बैगों को बेचने की तैयारी की जा रही थी.
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से अल्ट्राटेक ब्रांड के 800 बैग सीमेंट, 145 बैग सुपर अल्ट्राटेक कंपनी की सीमेंट, 25 बैग नॉट फॉर रिसेल लिखे सीमेंट, अन्य सीमेंट के बैग तथा प्लास्टिक की बाल्टी और लोहे का फावड़ा सहित कुल 3 लाख 43 हजार 225 मूल्य का माल जब्त किया. पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. जब्त सीमेंट की गुणवत्ता, ब्रांड की प्रामाणिकता और कथित मिलावट की जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. बडनेरा पुलिस ने शेख युसुफ शेख बब्बू के खिलाफ बीएनएस की धारा 318 (4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.

Back to top button