ड्यूटी के दौरान एसआरपीएफ जवान ने खुद को मारी गोली, हालत गंभीर

24 वर्षीय अजय वाकोडे ने एसएलआर से किया आत्महत्या का प्रयास

बुलढाणा /दि.2 सिंदखेड राजा तहसील के गुंज गांव निवासी 24 वर्षीय राज्य आरक्षित पुलिस बल के जवान ने मंगलवार तड़के ड्यूटी के दौरान खुद को गोली मारकर आत्महत्या का प्रयास किया. गंभीर रूप से घायल जवान को उपचार के लिए छत्रपति संभाजीनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है.
घायल जवान की पहचान अजय माधवराव वाकोडे (24) के रूप में हुई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, अजय सोमवार रात जालना स्थित एसआरपीएफ कैंप में ड्यूटी पर तैनात था. मंगलवार तड़के करीब 3 बजे उसने कैंप में ही एसएलआर राइफल से खुद को गोली मार ली. गोली गर्दन में लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा. गोली चलने की आवाज सुनते ही कैंप में मौजूद साथी जवान मौके पर पहुंचे और अजय को तत्काल अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे आगे के उपचार के लिए छत्रपति संभाजीनगर के निजी अस्पताल में रेफर किया गया. बताया जा रहा है कि वहां उसका उपचार और सर्जरी की जा रही है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने एसआरपीएफ कैंप पहुंचकर जांच शुरू की. पुलिस ने संबंधित एसएलआर राइफल को अपने कब्जे में ले लिया है. घटनास्थल की परिस्थितियों की जांच के साथ ही साथी जवानों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं. अजय करीब डेढ़ वर्ष पहले ही एसआरपीएफ में भर्ती हुआ था. कम उम्र में सरकारी नौकरी मिलने से परिवार और गांव में खुशी का माहौल था. ऐसे में उसने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, घटना के पीछे कोई मानसिक दबाव या अन्य कारण था या नहीं, इन सवालों के जवाब फिलहाल सामने नहीं आए हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

Back to top button