अयान अहमद सहित सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई

अचलपुर के एसडीपीओ से मिला मुस्लिम समाज का प्रतिनिधि मंडल

* काजी ए शहर सैय्यद ग्यासोद्दीन के नेतृत्व में सौंपा गया ज्ञापन
* पीड़ितों की पहचान को पूरी तरह से गोपनीय रखने की अपील
अचलपुर/परतवाड़ा/दि.17 –अचलपुर-परतवाड़ा जुड़वा शहर में पिछले कुछ दिनों से मोबाइल पर अश्लील वीडियो और फोटो तेजी से वायरल होने के चलते पूरे शहर में हड़कंप मच गया है. इस गंभीर मामले को लेकर काजी ए शहर काजी सैय्यद ग्यसोद्दीन साहब के नेतृत्व में मुस्लिम समाज की ओर से राष्ट्रीय अमन समिति ने उपविभागीय पुलिस अधिकारी शुभम कुमार (आईपीएस) को ज्ञापन सौंपकर तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की गई है. ज्ञापन में बताया गया है कि वायरल हो रहे वीडियो में नजर आने वाले आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाए. ऐसे मामलों से समाज में भय और असुरक्षा का माहौल बनता है, इसलिए भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कठोर कदम उठाना बेहद जरूरी है.
इस समय समाज के प्रतिनिधियों ने यह भी मांग की कि सभी आरोपियों के साथ पुलिस कस्टडी रिमांड में गहन पूछताछ की जाए और यह पता लगाया जाए कि उनके पीछे किसी का समर्थन या संगठित नेटवर्क तो नहीं है. ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो ऐसे लोगों के हौसले बुलंद होंगे और वे मासूम लड़कियों के जीवन से खिलवाड़ करते रहेंगे. इसके साथ ही, इस मामले में पीड़ित लड़कियों और उनके परिवार की पहचान किसी भी स्थिति में उजागर न करने की अपील की गई है, ताकि उनके सामाजिक जीवन पर कोई नकारात्मक प्रभाव न पड़े.
मुस्लिम समाजबंधुओं के प्रतिनिधि मंडल ने इस मामले को लेकर ज्ञापन सौंपने में हुई देरी के बारे में बताया गया कि पीड़ितों को हिम्मत मिले और प्रशासन स्वयं संज्ञान लेकर कार्रवाई करे, इस उम्मीद में समाज ने कुछ समय इंतजार किया. हालांकि अब प्रशासन से तुरंत सख्त कदम उठाकर दोषियों को सजा देने की जोरदार मांग की गई है. इस घटना के बाद अचलपुर-परतवाड़ा शहर में लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है और नागरिक भी आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. अब यह देखना अहम होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी तेजी और प्रभावी ढंग से कदम उठाता है.
ज्ञापन सौंपते समय उपस्थित काजी ए शहर सैय्यद ग्यासोद्दीन, मोहम्मद कबीर हनफी, मौलाना साबिर अल कादरी, मौलवी नईम खान असलम खान, मोहम्मद मसूद चिश्ती, अंसार अहमद, एहतेशाम नबील, सैय्यद अमजद अली, अब्दुल कलीम, अजीज खान, मोहम्मद मोबिन, मोहम्मद खालिक, अफजल गौरी, मोहम्मद असलम वंजारा, मोहम्मद राजिक, नाजीम भाई, मोहम्मद शब्बीर, एड. शोएब भाई, गुड्डू भाई सहित अन्य लोग उपस्थित रहे.
* भाजपा नेताओं के प्रति आभार भी जताया गया
काजी ए शहर काजी सैय्यद ग्यसोद्दीन साहब ने इस समय भाजपा के सांसद डॉ. अनिल बोंडे, अचलपुर के विधायक प्रवीण तायडे, राष्ट्रवादी कांग्रेस की नेत्री सुरेखाताई ठाकरे का आभार मीडिया के सामने व्यक्त किया और कहा कि हम ऐसे सामाजिक मुद्दे पर उनके साथ खड़े है जब हमने सुना कि इस गंभीर मामले में उन्होंने प्रशासन के सामने आवाज़ उठाई तो हमें उनका शुक्रिया अदा करना चाहिए. समाज में कोई भी बेटी मां या बहन सभी की होती है ऐसी घटना शर्मसार करने वाली और समाज को कलंकित करती है. ऐसे अपराधियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई होना चाहिए, हम हमेशा सामाजिक मुद्दों पर उनके साथ खड़े है.

Back to top button