अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर सख्ती के संकेत

मनपा आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले की अध्यक्षता में अहम बैठक

* ट्रैफिक पुलिस और संबंधित विभागों को समन्वय के साथ ठोस कार्रवाई के निर्देश
अमरावती /दि.1– शहर में लगातार बढ़ रही ट्रैफिक समस्या को देखते हुए अमरावती महानगरपालिका ने अब इसे लेकर सख्त रुख अपनाया है. शुक्रवार को मनपा आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में ट्रैफिक जाम, अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और यातायात प्रबंधन से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई. अधिकारियों को ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए प्रभावी और समन्वित कार्रवाई के निर्देश दिए गए.
बैठक में शहर के प्रमुख मार्गों पर बढ़ते वाहनों का दबाव, व्यस्त चौराहों की ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग की समस्या, पैदल यात्रियों की सुरक्षा और सड़कों के बेहतर उपयोग जैसे विषयों पर मंथन हुआ. आयुक्त डॉ. गोंदावले ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को नागरिकों के लिए अधिक सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने ट्रैफिक जाम वाले स्थानों का संयुक्त निरीक्षण कर तत्काल समाधान लागू करने के निर्देश दिए. साथ ही महानगरपालिका, ट्रैफिक पुलिस, आरटीओ और अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने पर जोर दिया. बैठक में सड़कों पर अतिक्रमण, अनधिकृत पार्किंग और यातायात में बाधा बनने वाले अन्य कारणों पर भी गंभीर चर्चा हुई. अधिकारियों ने ट्रैफिक प्रबंधन में आधुनिक तकनीक के उपयोग, नियमित निगरानी और दीर्घकालीन योजना तैयार करने की आवश्यकता पर बल दिया.
शहर के लगातार हो रहे विस्तार और बढ़ती यातायात आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए भविष्य की ट्रैफिक व्यवस्था का व्यापक खाका तैयार करने पर भी विचार किया गया. मनपा प्रशासन ने नागरिकों को सुरक्षित, तेज और परेशानी मुक्त आवागमन उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न सुधारात्मक कदम उठाने की बात कही. बैठक में अतिरिक्त आयुक्त शिल्पा नाईक, उपायुक्त नरेंद्र वानखड़े, भाग्यश्री बोरेकर, ट्रैफिक विभाग, पुलिस, आरटीओ, सार्वजनिक निर्माण विभाग, नगर रचना विभाग, अतिक्रमण शाखा, चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.

Back to top button