जिंदगी बचाने हेल्मेट सख्ती
सीपी भी उतरे आज सडकों पर

* अब हमेशा के लिए रहेगी अनिवार्यता
* राकेश ओला ने ठुकराए शहरवासियों के बहाने और आरोप
अमरावती/दि.27 – अमरावतीवासियों के पास पुलिस की दुपहिया सवारों के लिए की गई हेल्मेट सख्ती से बचने के वास्ते अनेक बहाने भले ही है, किंतु खाकी का उद्देश्य केवल और केवल बेशकीमती जिंदगी बचाना है. देखा गया है कि, अमरावती में बाइक भी आमने-सामने टकरा रही है. जिसमें जान जा रही है. ऐसी बेशकीमती जिंदगी बचाना हेल्मेट सख्ती का एकमात्र मकसद रहने का दावा पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने आज दोपहर मीडिया से संवाद में किया. उन्होंने बताया कि, हेल्मेट अनिवार्यता के लिए वे स्वयं आज सडकों पर उतरे है. लोगों से विनती कर रहे है कि, प्राणों की रक्षा की खातिर हेल्मेट अवश्य धारण करें, उसके बाद ही दुपहिया चलाएं.
अमरावती शहर में गत 24 जुलाई से दुपहिया सवारों के लिए हेल्मेट पहनना कंपलसरी किया गया है. ऐसे में शहरवासी की शिकायत मीडिया ने जब सीपी ओला के सामने रखी, तो उन्होंने बहुत स्पष्ट कहा कि, केवल नैशनल हाइवे नहीं, तो अन्य सडकों पर भी सडक हादसे हो रहे है और हेल्मेट के अभाव में दुपहिया चालकों की जान खतरे में पड रही है. इन्हीं सब बातों को देखते हुए दुपहिया सवार व उसके पीछे बैठे दोनों के लिए हेल्मेट पहनना अनिवार्य किया गया है. हमारा उद्देश्य केवल जिंदगी बचाना है.
* लोगों की बनाना है आदत
सीपी ओला ने बहुत स्पष्ट कहा कि, दुपहिया चलाते हुए जान के जोखिम को लेकर सभी बडे उदासीन है. उन्होंने अमरावती आकर यह चित्र देखा, यहां बढ रहे सडक हादसों को देखते हुए हेल्मेट धारण करना कंपलसरी किया गया है. सीपी ओला ने दावा किया कि, अमरावतीवासियों को हेल्मेट की आदत लगाना उनका सामान्य लक्ष्य है.
* हेल्मेट खरीदना लोगों की चॉईस
सीपी ओला ने हेल्मेट की क्वॉलिटी संबंधी प्रश्न पर कहा कि, लोगों को चयन करना है कि, वे आईएसआई मार्क अच्छा सुरक्षित हेल्मेट लेते है, या 200-300 रुपए का कामचलाउ एवं पुलिस कार्रवाई से बचने मात्र का हेल्मेट खरीदते हैं. इस बारे में पुलिस का कोई रोल नहीं है. लोगों को अच्छी कंपनी का सुरक्षित हेल्मेट अर्थात शिरस्त्राण खरीदना चाहिए.
* गड्ढे और सुविधाएं के बहाने
पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने शहरवासियों के सडकों की दशा-दुर्दशा और सुविधा संबंधी खामियों पर कहा कि, कोई कुछ भी कहें. पुलिस का काम हेल्मेट की सख्ती के क्रियान्वयन का है. उन्होंने यह भी कहा कि, डीसीपी, एसीपी और पीआई सभी इस क्रियान्वयन में लगे है. नाकाबंदी कर हेल्मेट सख्ती अमल में लाई जाएगी. उन्होंने एक प्रश्न के उत्तर में स्पष्ट कहा कि, आगामी गणेशोत्सव, नवरात्री दौरान भी हेल्मेट अनिवार्य रहेगा. उसमें कोई छूट मिलने की गुंजाइश नहीं है.





