अंतिम संस्कार में जा रहे नवविवाहित दंपती की दर्दनाक मौत
नाशिक में शादी के दो महीने बाद साथ छूटा जीवन

नाशिक /दि.27- महाराष्ट्र के नाशिक जिले के कलवण तहसील में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में नवविवाहित दंपती की मौत हो गई, जबकि महिला की बहन गंभीर रूप से घायल हो गई. यह हादसा उस समय हुआ जब तीनों एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे.
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 8.15 बजे पिलकोस फाटा के पास खामखेडा से पिलकोस की ओर आ रही एक मैक्सिमो वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में दिनेश करणसिंग गावित और उनकी पत्नी कीर्ति दिनेश गावित गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कीर्ति की बहन त्रिशा गावित भी हादसे में घायल हुईं. तीनों को पहले कलवण उपजिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए नाशिक जिला अस्पताल रेफर किया गया. इलाज के दौरान दिनेश और कीर्ति ने दम तोड़ दिया, जबकि त्रिशा की हालत गंभीर बनी हुई है.
बताया गया कि कीर्ति अभोणा स्थित जनता विद्यालय में शिक्षिका थीं, जबकि दिनेश जलसंपदा विभाग में कार्यरत थे. दोनों की शादी मई 2026 में ही हुई थी. शादी के महज दो महीने बाद इस दर्दनाक हादसे ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया. शिक्षकों, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने भी इस घटना पर शोक व्यक्त किया है. मामले की जांच पुलिस निरीक्षक खगेन्द्र टेंभेकर के मार्गदर्शन में पुलिस नाइक रामदास गवली और कांस्टेबल नितीन वाघमारे कर रहे हैं.
* नाशिक-मुंबई हाईवे पर चार वाहनों की टक्कर
उधर, नाशिक-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर इंदिरानगर सुरंग के पास फ्लाईओवर रैंप पर रविवार सुबह एक ट्रक का नियंत्रण बिगड़ने से चार वाहन आपस में टकरा गए. हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन सभी वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा और करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा.





