छात्र का अपहरण कर बेदम पीटकर लूटा
छात्र घायल, तीनों अपहरणकर्ता गिरफ्तार

* नागपुरी गेट थाना क्षेत्र के होटल शालीमार के सामने की घटना
अमरावती/दि.4 – पढाई करते समय अपने दोस्त के साथ दुपहिया वाहन पर सवार होकर पेट्रोल भरने जा रहे एक 21 वर्षीय छात्र के साथ बेवजह कार सवार तीन युवकों ने विवाद कर उसका कार से अपहरण कर लिया. विरान स्थल पर ले जाकर उसकी जमकर पिटाई की. पश्चात उसकी जेब से 6 हजार रुपए नकद लूटकर उसे बीच रास्ते में उतार दिया और अपहरणकर्ता फरार हो गए. जख्मी हालत में छात्र को उसके भाई ने जिला अस्पताल में भर्ती किया. छात्र की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तीनों अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है. यह सनसनीखेज घटना रविवार 3 मई की रात 10 से 11 बजे के दौरान नागपुरी गेट थाना क्षेत्र के शालीमार होटल के सामने घटित हुई. इस घटना से क्षेत्र के नागरिकों में हडकंप मच गया है. जख्मी छात्र का नाम पाटीपुरा निवासी दानियाल काजी नदीमोद्दीन (21) है. जबकि आरोपियों के नाम यास्मीन नगर निवासी शे. सलमान शे. अतीक (28), अकबर नगर निवासी शे. शाहीद शे. रशीद (21), सुफीयान खान नाजीम खान (19) और शे. एैफाज शे. इस्माईल (19) है. इनमें से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, एक की तलाश जारी है.
जानकारी के मुताबिक नागपुरी गेट थाना क्षेत्र के पाटीपुरा परिसर के अरफात मस्जिद के पास रहनेवाला दानियाल काजी नदिमोद्दीन (21) नामक युवक शिक्षा ले रहा है. 3 मई की रात 10 बजे वह घर पर पढाई कर रहा था. तब उसके साथ पढाई करने आनेवाला उसका साथी वजाहद अम्मार कुरैशी (22) यह दुपहिया वाहन से उसके घर पहुंचा और पेट्रोल पंप से पेट्रोल गाडी में भरने के लिए उसे साथ ले गया. दोनों छात्र दुपहिया पर सवार होकर ओवरब्रिज का काम शुरु रहने से सक्करसाथ रोड से जा रहे थे. लेकिन ट्रैफिक अधिक रहने से उन्होंने अपनी गाडी होटल शालीमार रोड पर मोड दी. उसी समय सामने से एक सफेद रंग की कार आ रही थी. कार चालक ने दानियाल के दोस्त को फटकार लगाते हुए गाडी ठीक तरीके से चलाने कहा और गाली-गलौज की. उस समय कार शे. सलमान शे. अतीक चला रहा था. दानियाल के दोस्त वजाहद ने उनसे माफी मांगी. लेकिन शेख सलमान के साथ कार में सवार शेख शाहीद, सुफीयान खान और शेख एैफाज कार से नीचे उतरे चारों मिलकर वजाहद के साथ मारपीट करने लगे, तब दानियाल मध्यस्थी करने गया, तो चारों ने मिलकर दानियाल को जबरदस्ती कार में बैठाया और उसे जमील कॉलोनी की तरफ से ले गए. चारों युवकों की इस गुंडागर्दी को देखकर वजाहद वहां से भाग गया. चारों युवकों ने कार में दानियाल को बेरहमी से पीटना शुरु कर दिया. गाली-गलौज करते हुए उसे गुलिस्ता नगर की तरफ ले जा रहे थे. अंधेरे में गाडी रोककर इन युवकों ने उसके पास से 6 हजार रुपए लूट लिए. जब छात्र दानियाल ने पैसे लौटाने की मांग कि, तो उसे फिर से पीटना शुरु कर दिया. पश्चात अल-अजीज हॉल के पास लाकर छात्र को गाडी से नीचे उतारकर भाग गए. भयभीत छात्र दानियाल ने अपने दोस्त वजाहद को अजीज हॉल के पास बुलाया. इसी दौरान दानियाल ने परिचित समीर काजी दिखाई देने पर उनके मोबाइल से अपने भाई अवेज काजी को घटना की जानकारी देकर बुलाया और वे नागपुरी गेट पुलिस स्टेशन पहुंचे. छात्र दानियाल के दोनों पैर और हाथ पर चोटें रहने से उसे पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती किया. जहां उस पर उपचार जारी है. जख्मी छात्र दानियाल काजी की शिकायत पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 309 (6), 352, 3 (5) के तहत मामला दर्ज कर शेख शाहीद शेख रशीद, सुफीयान खान नाजीम खान और शे एैफाज शेख इस्माईल को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि शेख सलमान शेख अतीक फरार बताया जाता है. पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है.





