चरित्र पर संदेह कर पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट

चांदुर बाजार थाना क्षेत्र के जलका शहापुर ग्राम की घटना

* आरोपी पति गिरफ्तार, पांच दिन के रिमांड पर
अमरावती/दि.5 – प्रेमविवाह के बाद चरित्र पर संदेह कर एक 26 वर्षीय युवक ने अपनी पत्नी की घर में बेरहमी से पीटकर हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है. यह सनसनीखेज घटना चांदुर बाजार थाना क्षेत्र के जवला शहापुर ग्राम में सोमवार 4 मई को शाम प्रकाश में आई. मृतक महिला का नाम प्रियांशी ऋषिकेश आठवले (24) है, जबकि आरोपी पति का नाम ऋषिकेश उर्फ सनी आठवले (26) है.
जानकारी के मुताबिक ऋषिकेश आठवले यह एक से डेढ वर्ष पूर्व चंद्रपुर में मिस्त्री काम के लिए गया था. वहां रहते उसके प्रियांशी के साथ प्रेमसंबंध स्थापित हो गए. पश्चात वह अपनी प्रेमिका को लेकर जवला शहापुर ग्राम आ गया. यहां दोनों पति-पत्नी की तरह रहते थे. लेकिन ऋषिकेश उसे हमेशा मारपीट करता था. उसे काम पर अथवा घर के बाहर जाना हो, तो वह प्रियांशी को घर में कैद कर बाहर से ताला लगाकर जाता था. एक माह पूर्व ऋषिकेश ने उसे घर से बाहर निकाल दिया था. वह उस पर संदेह करता था. 4 मई की शाम 5.35 बजे गांव में रहनेवाले श्रीकृष्णराव आठवले ने पुलिस पाटिल प्रवीण रामदास पाथरे (52) को फोन कर जानकारी दी कि, ऋषिकेश की पत्नी प्रियांशी मृतावस्था में घर में पडी है. जानकारी मिलने पर प्रवीण पाथरे तत्काल ऋषिकेश के घर पहुंचे, तब ऋषिकेश बाहर बैठा था. भीतर जाकर देखा तो प्रियांशी मृतावस्था में थी. उसके सिर, चेहरे पर गहरे जख्म के निशान थे. साथ ही हाथ-पैर पर मार के निशान दिखाई दे रहे थे. पुलिस पाटिल पाथरे ने तत्काल चांदुर बाजार पुलिस को सूचित किया. जानकारी मिलते ही पुलिस का दल घटनास्थल आ पहुंचा. सहायक पुलिस अधीक्षक सागर भामरे ने भी घटनास्थल भेंट दी. पुलिस ने तत्काल मृतक महिला के पति ऋषिकेश आठवले को कब्जे में लेकर पूछताछ की, तब उसने घटना की कबूली दी. ऋषिकेश के मुताबिक उसने अपने पत्नी की दोपहर 12 बजे ही बेरहमी से पीटकर हत्या कर दी थी. पुलिस ने पुलिस पाटिल की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103 (1) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया. घटनास्थल पर नागरिकों की भारी भीड जमा हो गई थी. पंचनामा कर पुलिस ने शव सरकारी अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. आरोपी को आज न्यायालय में पेश कर 9 मई तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है. मामले की जांच परिविक्षाधीन सहायक पुलिस अधीक्षक सागर भामरे आगे कर रहे है.

Back to top button