कठोरा रोड का ‘वह’ फ्लैट बना था अय्याशी का अड्डा

हजार रुपए प्रति घंटे की दर पर मानव सुगंधे देता था अपना फ्लैट किराए पर

* कमल रेसीडेन्सी की तीसरी मंजिल पर स्थित फ्लैट में अयान करता था अय्याशी
* उसी फ्लैट के कमरे में शूट किए गए थे सभी फोटो व वीडियो, फ्लैट सील, जांच जारी
अमरावती/दि.17 – परतवाडा में रहनेवाले अयान अहमद तनवीर अहमद नामक युवक द्वारा सोशल मीडिया के जरिए अलग-अलग युवतियों के साथ जान-पहचान बढाते हुए उन्हें अपने जाल में फांसने के बाद अमरावती के कठोरा रोड परिसर स्थित कमल रेसीडेन्सी नामक रिहायशी अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर स्थित फ्लैट में लाया जाता था और उसी फ्लैट के एक कमरे में युवतियों का यौन शोषण करते हुए उनके अश्लील व आपत्तिजनक फोटो व वीडियो बनाए जाते थे. इस जानकारी के सामने आते ही मामले की जांच कर रही एसआईटी की टीम ने गत रोज ही उस फ्लैट की तलाशी लेते हुए उसे सील कर दिया. जिससे पहले आरोपी अयान अहमद को उस फ्लैट में ले जाकर ‘सीन रिक्रीएशन’ किया गया. खास बात यह रही कि, इस समय आरोपी अयान खान ने बडी बेशर्मी के साथ पुलिस के सामने यह भी कहा कि, चार दीवारी के पीछे जो कुछ भी हुआ था, वह ‘एक्ट विथ हर कन्सेंट’ यानि साथ में रहनेवाली युवती की मर्जी के साथ हुआ था.
पता चला है कि, कमल रेसीडेन्सी नामक रिहायशी अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर मूलत: आर्वी निवासी मानव सुगंधे नामक युवक ने एक फ्लैट किराए पर ले रखा था. जिसमें रहते हुए वह अमरावती से बीबीए की पढाई कर रहा था. जिसके संपर्क में किसी अन्य युवक के जरिए अयान अहमद आया. जिसने मानव सुगंधे को एक हजार रुपए प्रति घंटे के हिसाब से उसके फ्लैट का कमरा किराए पर देने के लिए मना लिया. खास बात यह रही कि, अच्छे-खासे पैसेवाले परिवार से वास्ता रखनेवाला मानव सुगंधे भी 1000 रुपए की लालच में फंस गया, ताकि कुछ पॉकेट मनी की व्यवस्था हो सके और उसने अयान को अपने फ्लैट का कमरा किराए पर देने की हामी भर दी. जिसके बाद अयान अक्सर ही अलग-अलग युवतियों को अपने साथ लेकर मानव सुगंधे के फ्लैट पर पहुंचा करता था और फिर उन युवतियों के साथ बंद कमरे में समय बिताया करता था.
* मानव से पहले पीयूष का कमरा किराया पर लेता था अयान
जानकारी यह भी सामने आई है कि, मानव सुगंधे के संपर्क में आने से पहले अयान अहमद द्वारा अमरावती में किराए का फ्लैट लेकर रहनेवाले पीयूष नामक युवक से उसके फ्लैट का कमरा किराए पर लिया करता था. परंतु कुछ समय बाद पीयूष अमरावती छोडकर चला गया, तो पीयूष की जान-पहचान में रहनेवाले व्यक्ति ने अयान का परिचय कठोरा रोड परिसर में किराए का फ्लैट लेकर रहनेवाले मानव से कराया था. जिसके बाद मानव के फ्लैट पर अयान की अय्याशियों का सिलसिला शुरु हुआ.
* 3 से 4 कैफे भी एसआईटी के निशाने पर
पता यह भी चला है कि, केवल फ्लैट ही नहीं, बल्कि अमरावती एवं परतवाडा शहर की 3 से 4 फैफे में भी अयान कुछ युवतियों को लेकर गया था. जहां पर उसने उन युवतियों के साथ अश्लील व आपत्तिजनक कृत्य भी किए थे. ऐसे में अब मामले की जांच कर रही एसआईटी द्वारा उन सभी कैफेज को भी अपने निशाने पर लिया गया है और उन सभी कैफे में जाकर एसआईटी की टीम द्वारा जांच-पडताल करते हुए वहां के सीसीटीवी फूटेज भी खंगाले जा रहे है.

Back to top button