नौ साल से फरार आरोपी जीआरपी अकोला पुलिस के हत्थे चढ़ा
शेगांव से किया गया गिरफ्तार

अकोला/दि.27- अकोला रेलवे पुलिस स्टेशन में वर्ष 2017 से न्यायालय के समन्स और वारंट जारी होने के बावजूद लगातार गैरहाजिर चल रहे एक आरोपी को जीआरपी अकोला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में केंद्रीय कारागार भेज दिया गया. गिरफ्तार आरोपी का नाम शेगांव निवासी रोहित अशोक लोखंडे (34) है.
जानकारी के मुताबिक इस आरोपी के खिलाफ अकोला रेलवे पुलिस थाने में धारा 392, 34 तथा 379 भादंवि के तहत जबरन चोरी और चोरी के गंभीर मामले दर्ज हैं. इन मामलों में आरोपी करीब नौ वर्षों से न्यायालय में अनुपस्थित था और फरार चल रहा था. इसके चलते न्यायालय ने उसके खिलाफ वारंट जारी किया था. जीआरपी अकोला पुलिस को गोपनीय मुखबिर से जानकारी मिली कि आरोपी शेगांव क्षेत्र में घूम रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाकर आरोपी का ठिकाना सुनिश्चित किया और 25 अगस्त को उसे गिरफ्तार कर लिया. यह कार्रवाई पुलिसकर्मी गौतम, कपिल और चालक कुणाल ने की. इसके बाद एएसआई असलम खान पठाण तथा पुलिस हवलदार राजेश पाटील ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया. न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए, जिसके बाद उसे केंद्रीय कारागार रवाना कर दिया गया.





