देवर ही निकला ‘उस’ महिला का हत्यारा
जादू-टोने के संदेह में भाभी को उतारा मौत के घाट

* हत्या के लिए मौके के इंतजार में दिन भर पेड के पीछे छिपा था
* मौका मिलते ही सुनसान स्थान पर हंसली से घोट दिया गला
* पुलिस ने आरोपी रामलाल लक्ष्मण कासदेकर को किया गिरफ्तार
* रामलाल कासदेकर ने पकडे जाते ही अपना जुर्म कबुला
अमरावती/धारणी/दि.29 – मेलघाट के धारणी तहसील अंतर्गत गोबरकुंड (गोबरकहू) गांव में खेत से घर लौट रही महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. इस सनसनीखेज हत्याकांड में मृतका का देवर ही उसका हत्यारा निकला. पुलिस जांच में सामने आया है कि जादू-टोना करने के संदेह में आरोपी ने अपनी ही भाभी की गला घोंटकर हत्या कर दी. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. मृतका की पहचान समोती रामभाऊ कासदेकर (58, गोबरकुंड) के रूप में हुई है. वहीं गिरफ्तार आरोपी का नाम रामलाल लक्ष्मण कासदेकर बताया गया है.
पुलिस के अनुसार समोती कासदेकर गुरुवार को रोज की तरह खेत में काम करने गई थीं. शाम को काम समाप्त कर वह घर लौट रही थीं, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचीं. इससे चिंतित परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की. खोजबीन के दौरान रात करीब 9 बजे झनकलाल कासदेकर के खेत में समोती का शव मिला. शव की पहचान उनके पुत्र राजू कासदेकर ने की. महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से गांव में सनसनी फैल गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई.
घटनास्थल पर पहुंची धारणी पुलिस और ग्रामीण अपराध शाखा (एलसीबी) की टीम ने जांच शुरू की. प्रारंभिक तौर पर लूटपाट के उद्देश्य से हत्या किए जाने की आशंका जताई गई थी. हालांकि मृतका के गले की चांदी की हंसली और अन्य आभूषण सुरक्षित मिलने से यह संभावना खारिज हो गई. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सूचना मिली कि गांव का रामलाल कासदेकर घटना वाले दिन सुबह से ही उसी खेत परिसर में एक पेड़ के पीछे छिपा हुआ देखा गया था.
इस सूचना के आधार पर पुलिस ने रामलाल कासदेकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की. शुरुआत में वह टालमटोल करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ किए जाने पर उसने हत्या की पूरी वारदात कबूल कर ली. पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी को लंबे समय से संदेह था कि उसकी भाभी समोती कासदेकर उसके परिवार पर जादू-टोना करती है. उसे यह भी भ्रम था कि उसके घर के सदस्य बार-बार बीमार पड़ते हैं, जिसका कारण समोती ही हैं. इसी अंधविश्वास के चलते उसने हत्या की योजना बनाई. पुलिस के अनुसार आरोपी दिनभर खेत परिसर में एक पेड़ के पीछे छिपकर समोती के अकेले आने का इंतजार करता रहा. जैसे ही वह खेत से घर लौटते समय अकेली मिली, आरोपी उसे बहला-फुसलाकर सुनसान स्थान पर ले गया.
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने महिला के गले में पहनी हुई चांदी की हंसली (आदिवासी महिलाओं द्वारा पहना जाने वाला पारंपरिक गले का आभूषण) को खींचकर उसी से उसका गला घोंट दिया. दम घुटने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई. हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. हालांकि पुलिस की त्वरित जांच और ग्रामीणों से मिली जानकारी के आधार पर 24 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे अंधविश्वास और जादू-टोने का शक मुख्य कारण के रूप में सामने आया है. आरोपी का मानना था कि मृतका उसके परिवार पर कथित रूप से जादू-टोना करती थी, जिसके कारण घर के सदस्य बीमार रहते थे. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने यह कदम अकेले उठाया या किसी अन्य व्यक्ति की भी इसमें भूमिका थी.
* गांव में दहशत, पुलिस की कार्रवाई की सराहना
महिला की हत्या से गोबरकुंड सहित पूरे मेलघाट क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए अंधविश्वास के कारण हुई इस हत्या को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया है. वहीं, पुलिस द्वारा महज 24 घंटे में मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार किए जाने पर ग्रामीणों ने राहत व्यक्त की है. धारणी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है. यह घटना एक बार फिर समाज में व्याप्त अंधविश्वास की भयावहता को उजागर करती है, जहां निराधार संदेह और टोना-टोटका जैसी मान्यताओं के कारण एक महिला को अपनी जान गंवानी पड़ी.





