तड़ीपार ‘छोटा डॉन’ चाकू लेकर लोगों को धमकाते दबोचा

महादेव खोरी मैदान में दहशत फैलाने की कोशिश

* क्राइम ब्रांच ने घेराबंदी कर पकड़ा
अमरावती/दि.2 – शहर में अवैध रूप से घातक हथियार रखने और हथियार के बल पर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत शहर क्राइम ब्रांच की टीम ने फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र में एक तड़ीपार युवक को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपी का नाम महादेव खोरी निवासी श्रवण उर्फ डॉन राजेश बनारसे (19) है.
जानकारी के मुताबिक मंगलवार 1 सितंबर को क्राइम ब्रांच की टीम फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी. इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि महादेव खोरी स्थित मैदान में एक तड़ीपार युवक हाथ में चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को धमका रहा है और क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर रहा है. सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीम तत्काल महादेव खोरी मैदान पहुंची. वहां महादेव खोरी निवासी श्रवण उर्फ डॉन राजेश बनारसे (19) हाथ में चाकू लिए दिखाई दिया. पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया.
* कब्जे से धारदार चाकू बरामद
तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से एक धारदार लोहे का चाकू बरामद हुआ. पुलिस ने हथियार जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया. उसके खिलाफ फ्रेजरपुरा पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है. मामले की आगे जांच की जा रही है. पुलिस के मुताबिके गिरफ्तार श्रवण उर्फ डॉन पहले से ही तड़ीपार है. इसके बावजूद वह क्षेत्र में मौजूद रहकर कथित तौर पर हथियार लेकर लोगों को धमका रहा था.
* नागरिकों से पुलिस की अपील
क्राइम ब्रांच ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई तड़ीपार व्यक्ति अथवा हथियार लेकर दहशत फैलाने वाला व्यक्ति दिखाई देता है, तो इसकी जानकारी तत्काल पुलिस नियंत्रण कक्ष या क्राइम ब्रांच को दें. सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी. पुलिस आयुक्त राकेश ओला के मार्गदर्शन और पुलिस निरीक्षक अतुल वर के नेतृत्व में एपीआई महेश इंगोले, गजानन सोनुने, सुनील लासुरकर, दीपक सुंदरकर, गजानन ढेवले, आस्तिक देशमुख, मनोज ठोसर, मंगेश परिमल, सचिन बहाले, जहीर शेख, मिर्जा नईम बेग, अतुल संभे, विकास गुडधे, विशाल वाकपांजर, योगेश पवार, राजीक रायलीवाले, चेतन गुल्हाणे, संदीप खंडारे और राहुल दुधे ने कार्रवाई को अंजाम दिया.

Back to top button