400 ग्राम गांजे के साथ एक गिरफ्तार

20 हजार रुपए का गांजा जब्त, दत्तापुर पुलिस की कार्रवाई

धामणगांव रेल्वे/दि.2 – अवैध रूप से गांजा रखने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ दत्तापुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे रंगेहाथ गिरफ्तार किया. यह कार्रवाई 31 अगस्त की रात करीब 8.30 बजे फकीरा नगर परिसर में की गई. गिरफ्तार आरोपी का नाम दत्तापुर के एकवीरा नगर निवासी मनोज वामन मुद्रके (48) है. पुलिस ने उसके पास से करीब 20 हजार रुपए कीमत का 400 ग्राम गांजा बरामद किया.
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी मनोज मुद्रके अपने घर में अवैध रूप से गांजा रखे हुए है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने फकीरा नगर स्थित उसके घर पर छापा मारा. तलाशी के दौरान गांजा बरामद होने पर उसे तत्काल हिरासत में ले लिया गया. यह कार्रवाई दत्तापुर पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक गजानन मेहेत्रे के मार्गदर्शन में पीएसआई हरिहर गोरे तथा पुलिसकर्मी पवन हजारे, अतुल पाटील, मयूर ढवक, सोनू भालेराव और अभिजीत परिमल के दल ने की. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

Back to top button