विभिन्न खेल स्पर्धाओं और साइकिल रैली के साथ मनाया राष्ट्रीय खेल दिवस
विजेता खिलाड़ियों का सम्मान, ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ अभियान को मिला उत्स्फूर्त प्रतिसाद

अमरावती /दि.2- जिला क्रीड़ा अधिकारी कार्यालय की ओर से 28 से 30 अगस्त तक विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं, साइकिल रैली तथा खिलाड़ियों के सम्मान समारोह का आयोजन कर राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया.
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ संकल्पना पर आधारित विशेष क्रीड़ा उपक्रम का 28 अगस्त को शुभारंभ किया गया. इसके तहत 29 अगस्त को विभागीय क्रीड़ा संकुल में बैडमिंटन, टेबल टेनिस, स्क्वैश, तीरंदाजी और वॉलीबॉल जैसी विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं. प्रतियोगिताओं के समापन समारोह में क्रीड़ा उपसंचालक अविनाश पुंड के हाथों विजेता खिलाड़ियों को स्मृति चिह्न एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम की प्रस्तावना जिला क्रीड़ा अधिकारी गणेश जाधव ने रखी. इस अवसर पर शिव छत्रपति पुरस्कार से सम्मानित नितीन चव्हाले एवं मंगेश व्यवहारे ने उपस्थित खिलाड़ियों और नागरिकों का मार्गदर्शन किया.
* साइकिल रैली में बड़ी संख्या में सहभागिता
राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में 30 अगस्त को विभागीय क्रीड़ा संकुल से ‘संडे ऑन साइकिल, रन एंड राइड’ साइकिल रैली का आयोजन किया गया. विधायक संजय खोडके तथा राज्य आबकारी विभाग के विभागीय उपायुक्त पराग नवलकर ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया. रैली में अमरावती साइक्लिगं एसोसिएशन के साइकिलिस्ट, खिलाड़ी, नागरिक तथा बड़ी संख्या में युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की. इस आयोजन के माध्यम से नागरिकों में खेल, व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया.





