11 सितंबर को विदर्भ में बैल पोला पर्व

अमरावती /दि.2- श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के ठीक एक सप्ताह बाद विदर्भ सहित महाराष्ट्र के ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों का महत्वपूर्ण बैल पोला पर्व शुक्रवार 11 सितंबर को मनाया जाएगा. बैल पोला किसानों द्वारा खेती में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले बैलों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व है. इस दिन बैलों को स्नान कराया जाता है, सजाया-संवारा जाता है और उनकी पूजा की जाती है.
इस अवसर पर बैलों को काम से विश्राम दिया जाता है. अनेक सींगों को रंगने, गले में घटियां और फूलों की माला पहनाने तथा पारंपरिक सजावट करने की परंपरा है. कई गांवों में सजाए गए बैलों की शोभायात्रा भी निकाली जाती है. किसान परिवारों में पूरणपोली सहित पारंपरिक पकवान बनाए जाते हैं. इस वर्ष बैल पोला 11 सितंबर को है, जबकि गणेश चतुर्थी 14 सितंबर को मनाई जाएगी. इस तरह सितंबर का पहला पखवाडा विदर्भ में धार्मिक और कृषि संस्कृति से जुडे पर्वों की श्रृंखला से भरा रहेगा.





